Bihar Politics: लालू जब राष्ट्रपति शासन लगवा सकते थे, तब क्यों नहीं दिलाया विशेष राज्य का दर्जा- सुशील मोदी
Bihar News, Sushil Modi: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जब केंद्र सरकार में लालू प्रसाद की इतनी चलती थी कि वे राष्ट्रपति को आधी रात में जगा कर बिहार में राष्ट्रपति शासन लगवा सकते थे, तब उन्होंने बिशेष दर्जा क्यों नहीं दिलाया? 2004 से 2014 तक मनमोहन सिंह की सरकार ने बिहार को विशेष दर्जा क्यों नहीं दे दिया?
मंगलवार को राज्यसभा में देश की आर्थिक स्थिति, तेज विकास दर और बिहार के विशेष राज्य की मांग पर उन्होंने कहा कि जब 14 वें और 15 वें वित्त आयोग ने 'विशेष राज्य' की अवधारणा को ही अमान्य कर दिया है और अब किसी भी राज्य को विशेष दर्जा नहीं दिया जा सकता, तब इस मुद्दे पर बिहार सरकार का कैबिनेट से पारित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजना राजनीतिक स्टंट है। अब किसी राज्य को विशेष दर्जा नहीं दिया जा सकता।

सुशील मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 1.40 लाख करोड़ का जो विशेष आर्थिक पैकेज दिया, वह विशेष दर्जा से कई गुना अधिक बड़ी मदद है। लेकिन राजद-जदयू यह स्वीकार नहीं करना चाहते। जब नीतीश कुमार और लालू प्रसाद केंद्र सरकार में ताकतवर मंत्री रहे, तब इन लोगों ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिलवाया ?
यूपीए सरकार के वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने नीतीश कुमार की पहल पर जो रघुरामराजन कमेटी गठित करायी थी, उस कमेटी ने भी 'विशेष राज्य' की मांग को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि विशेष आर्थिक पैकेज की राशि खर्च कर बिहार में जो आधा दर्जन से ज्यादा मेगा ब्रिज और 4-लेन,6- लेन सड़कों का नेटवर्क तैयार हो रहा है, वह विशेष दर्जा मिलने से कम नहीं है।
यहां जो भी बड़ा ढांचागत विकास हुआ, वह विशेष आर्थिक पैकेज और केंद्र की सहायता से संभव हुआ। सुशील मोदी ने कहा कि राज्य के 2.5 करोड़ लोग विशेष केंद्रीय पैकेज से गरीबी रेखा से ऊपर आ गए। केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में उत्तर प्रदेश के बाद बिहार को सबसे ज्यादा 1.02 लाख करोड़ की राशि मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications