Lakhisarai Crime News: भोज था बहाना, असली प्लान था कत्ल! लखीसराय में पंचायत प्रतिनिधियों को किसने मारा?
Lakhisarai Crime News: बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के वलीपुर पंचायत के मुखिया चंदन सिंह उर्फ डोमू और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि चंदन कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में आतंक और आक्रोश का माहौल है।
घटना का पूरा विवरण:
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों नेता वलीपुर गांव में भोज कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। उसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लखीसराय एसपी अजय कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि, "अपराधियों की पहचान की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
राजनीतिक गलियारों में हलचल, ग्रामीणों में गुस्सा:
दोनों मृतक सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय थे और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। हत्या के पीछे आपसी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। घटना से पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और हत्याकांड के पीछे की साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications