IPL Auction में बेटे सार्थक को शाहरुख की टीम ने खरीदा, खुशी से झूमे पिता पप्पू यादव ने लिखा प्यार सा संदेश
KKR IPL Auction 2026: आईपीएल 2026 के ऑक्शन में बिहार के पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन को शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ₹30 लाख में खरीदा है। इस बड़ी उपलब्धि पर सांसद पप्पू यादव ने खुशी जाहिर की है, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भी लगातार बधाई मिल रही है।
बेटे के आईपीएल ऑक्शन में केकेआर टीम में सलेक्ट होने के बाद पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया। बेटे की इस सफलता के बाद पप्पू यादव को खूब बधाइयां मिल रही हैं।

पप्पू यादव ने लिखा, "बधाई बेटू, जमकर खेलो, अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बनाओ, अपनी चाहत पूरी करो! अब सार्थक के नाम से बनेगी हमारी पहचान!" उनके इस पोस्ट पर लोगों ने उन्हें भी ढेरों शुभकामनाएँ दीं।
सार्थक रंजन ने दिल्ली प्रीमियर लीग में किया था शानदार प्रदर्शन
सार्थक रंजन ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने महज 58 गेंदों में शतक जड़ा, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे। आईपीएल में चयन के बाद वह एक बार फिर क्रिकेट जगत में सुर्खियों में आ गए हैं।
इस मिनी नीलामी में ₹30 लाख की बेस प्राइस पर कई अन्य युवा खिलाड़ी भी शामिल हुए। बिहार के सुपौल निवासी मोहम्मद इजहार को मुंबई इंडियंस ने खरीदा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने तेजस्वी दहिया और दक्ष कामरा को अपने दल में शामिल किया। सनराइजर्स हैदराबाद ने अमित कुमार, ओंकार तुकाराम तर्मले, साकिब हसन और प्रफुल हिंगे को टीम में लिया। मुंबई इंडियंस ने अथर्व अंकोलकर को भी इसी मूल्य में खरीदा।
वहीं, आईपीएल 2026 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें ₹25.20 करोड़ की भारी-भरकम राशि अदा कर टीम में शामिल किया। यह खरीद उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा विदेशी खिलाड़ी बनाती है।












Click it and Unblock the Notifications