KBC में जीते लाखों रुपए का Khan Sir ने क्या किया? प्राइज मनी पर खुद किया खुलासा
Khan Sir Patna Coaching Firing Controversy updates: पटना में अपनी कोचिंग के बाहर हुए 'फायरिंग विवाद' और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज FIR को लेकर मशहूर शिक्षक खान सर (Faisal Khan) इन दिनों सुर्खियों में हैं। हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच मंगलवार को पटना डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से खान सर को गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक की बड़ी राहत मिल गई है। इस 'कोचिंग वॉर' और कानूनी उठापटक के बीच, सोशल मीडिया पर खान सर की सादगी और उनके पुराने किस्से एक बार फिर तेजी से वायरल होने लगे हैं।
लोग उनके उस दौर को याद कर रहे हैं जब उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के मंच पर पहुंचकर देश का दिल जीत लिया था। आइए जानतें हैं उस वक्त केबीसी के मंच पर जीती लाखों की रकम को लेकर खान सर ने जो चौंकाने वाला खुलासा किया था, उसकी पूरी कहानी क्या है।

जब अमिताभ बच्चन के सामने भावुक हुए थे खान सर
आपको याद दिला दें कि 'कौन बनेगा करोड़पति' के एक बेहद खास एपिसोड में खान सर मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान के साथ हॉटसीट पर बैठे थे। इस दौरान होस्ट अमिताभ बच्चन ने जब खान सर के संघर्ष और उनके पढ़ाने के अनोखे अंदाज की तारीफ की, तो पूरा देश भावुक हो गया था। खेल के दौरान खान सर ने बताया था कि जो UPSC की कोचिंग लाखों रुपए में होती है, उसे वो महज 7,500 रुपए में गरीब बच्चों को उपलब्ध कराते हैं। इसी नेक इरादे के साथ खेलते हुए खान सर और जाकिर खान की जोड़ी ने केबीसी के मंच से कुल ₹12,50,000 (12.5 लाख रुपये) की भारी-भरकम राशि जीती थी।
KBC में जीती राशि का क्या किया?
शो खत्म होने के बाद हर किसी के मन में यह सवाल था कि आखिर खान सर इस जीती हुई प्राइज मनी का क्या करेंगे? इस पर खुद खान सर ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि उन्होंने केबीसी में जीती गई पूरी की पूरी धनराशि व्यक्तिगत रूप से अपने पास नहीं रखी।
खान सर ने अपनी क्लास के एक वीडियो में खुद बताया कि उन्होंने जीती हुई पूरी प्राइज मनी को शिक्षा से जुड़ी संस्थाओं (NGOs) और आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के लिए दान कर दिया था। उन्होंने इस राशि का एक भी रुपया अपने निजी इस्तेमाल में नहीं लिया।
ठुकरा चुके हैं 107 करोड़ का ऑफर
शो के दौरान उनके साथी जाकिर खान ने भी एक बड़ा राज खोलते हुए बताया था कि खान सर को अपनी कोचिंग छोड़कर दूसरी बड़ी संस्था में शामिल होने के लिए ₹107 करोड़ का भारी-भरकम ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने इसे साफ मना कर दिया।
इस पर खान सर ने अमिताभ बच्चन के सामने अपनी सोच जाहिर करते हुए कहा था, 'मैं बच्चों को ₹200 में पढ़ाता हूं। अगर मैं वो 107 करोड़ का ऑफर स्वीकार कर लेता, तो वो कंपनी बच्चों से लाखों रुपये वसूलती। ऐसे में गरीब और कमजोर बैकग्राउंड वाले बच्चे कहां जाते?'
केबीसी के मंच पर खान सर ने यह भी शेयर किया था कि फीस कम करने की वजह से अतीत में उन्हें डराया-धमकाया गया और यहां तक कि बम भी फेंके गए थे, लेकिन छात्रों के समर्थन ने उन्हें हमेशा बचाए रखा। आज एक बार फिर उनकी कोचिंग 'खान ग्लोबल स्टडीज' (KGS) के बाहर हुई हवाई फायरिंग और तोड़फोड़ के बाद वे विवादों में हैं, जहां पुलिस जांच जारी है और कोर्ट से उन्हें राहत मिली हुई है। लेकिन इन सबके बीच, केबीसी के मंच पर दिखा उनका यह परोपकारी अंदाज आज भी उनके करोड़ों चाहने वालों के दिलों में उनके प्रति सम्मान को कम नहीं होने दे रहा है।















Click it and Unblock the Notifications