खगड़ियाः 40 लोगों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, तीन के शव बरामद और जारी है सर्च ऑपरेशन
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नयागांव के पास गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। 40 लोगों से भरी नाव गंगा नदी में डूब गई। नाव डूबने की खबर मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नाव पर सवार लोग दियारा इलाका से घास काटकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान नाव जैसे ही किनारे लगने लगी उसी दौरान अनियंत्रित हो गई, जिसके चलते नाव गंगा नदी में डूब गई। इस घटना में तीन शवों को बरामद कर लिया गया। वहीं पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बाकी बचे हुए लोग सुरक्षित तरीके से तैरकर बाहर निकल गए। वहीं इनमें से कुछ लोगों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लापता शवों की तलाश में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जुटी रही। अंधेरा होने के चलते एसडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद खगड़िया डीएम आलोक रंजन घोष, एडीएम शंत्रुजय मिश्रा, गोगरी एसडीएम के साथ-साथ कई पदाधिकारी काफी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे।
नाव के डूबने की सूचना मिलने ही पीड़ितों के परिजन भी गंगा किनारे अपनों को खोजने के लिए पहुंच गए। अंधेरा होने के चलते पूरी तरह से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसी बीच दो शव मिलने से और हड़कंप मच गया। नाव हादसे में तीन शव बरामद होने के बाद खगड़िया के डीएम आलोक रंजन घोष ने तीनों मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की मुआवजा राशि को चेक के माध्यम से सौंपा।












Click it and Unblock the Notifications