Kanhaiya Kumar Net Worth: कन्हैया कुमार के पास कितनी है संपत्ति, बिना घर-गाड़ी के कैसे जी रहे हैं बिहारी बाबू
Kanhaiya Kumar Net Worth 2025: बिहार चुनाव का मौसम आते ही नेताओं की संपत्ति और जीवनशैली चर्चा का बड़ा मुद्दा बन जाती है। किसी के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी होती है, तो कोई लग्जरी गाड़ियों के काफिले के लिए जाना जाता है। लेकिन इसी बीच कांग्रेस नेता और जेएनयू छात्र राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखने वाले कन्हैया कुमार अपने साधारण जीवन और कम संपत्ति को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
जहां राजनीति में करोड़ों की संपत्ति वाले नेताओं की भरमार है, वहीं कन्हैया कुमार का साधारण आर्थिक बैकग्राउंड उन्हें अलग पहचान देता है। आइए जानते हैं आखिर कन्हैया कुमार की नेटवर्थ कितनी है और वे किस तरह कमाई करते हैं।

कन्हैया कुमार की कुल संपत्ति (Kanhaiya Kumar Assets)
कन्हैया कुमार की कुल संपत्ति महज 10 लाख 72 हजार रुपये है। इनमें उनकी चल संपत्ति 8.07 लाख रुपये और अचल संपत्ति 2.65 लाख रुपये बताई गई है। हैरानी की बात ये है कि उनके नाम पर न तो कोई कार है, न ही आलीशान घर। यानी कन्हैया उन गिने-चुने नेताओं में से हैं जिनकी संपत्ति दिल्ली या बिहार की राजनीति में बाकी नेताओं की तुलना में बेहद कम है।
बचत खाते और नकद पैसा
2024 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक कन्हैया कुमार के पास दो सेविंग अकाउंट हैं। एक जेएनयू कैंपस स्थित एसबीआई शाखा में, जिसमें करीब 4.52 लाख रुपये जमा हैं। दूसरा बेगूसराय के जीरोमाइल स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में, जिसमें 2.27 लाख रुपये हैं। इसके अलावा उनके पास 1.28 लाख रुपये नकद मौजूद हैं।
अचल संपत्ति: महज 2.65 लाख की जमीन
बेगूसराय के बिहट इलाके में कन्हैया कुमार के नाम 85.5 वर्ग फुट नॉन-एग्रीकल्चर जमीन है। इस जमीन की बाजार कीमत करीब 2.65 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा उनके नाम पर कोई और प्रॉपर्टी दर्ज नहीं है।

कन्हैया कुमार कहां से करते हैं कमाई? (Kanhaiya Kumar source of income)
अगर आय के स्रोत की बात करें तो कन्हैया कुमार ने अपनी कमाई का मुख्य आधार समाज सेवा और किताबों की रॉयल्टी को बताया है। वित्त वर्ष 2022-23 में उनकी सालाना आय सिर्फ 18,328 रुपये दर्ज की गई थी। पिछले सालों में उनकी आय 70,000 रुपये से लेकर 1.95 लाख रुपये तक रही है। यानी राजनीति की भीड़ में कन्हैया उन नेताओं में गिने जाते हैं जो करोड़ों की कमाई नहीं बल्कि छोटे पैमाने पर आय दिखाते हैं।
न कर्ज, न गाड़ी, न हीरे-जवाहरात
आज जहां नेता करोड़ों का कर्ज लेकर चुनाव लड़ते हैं, वहीं कन्हैया कुमार के पास न कोई कर्ज है, न ही कोई गहने-जवाहरात। उनके पास न तो फिक्स्ड डिपॉजिट है और न ही शेयर मार्केट में कोई निवेश।
कन्हैया कुमार क्रिमिनल केस: कुल 7 मुकदमे दर्ज
हलफनामे के मुताबिक, कन्हैया कुमार पर असम, बिहार और दिल्ली में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से ज्यादातर केस जेएनयू विवादित नारेबाजी, बिना अनुमति सभा करने और डॉक्टरों से कथित बदसलूकी से जुड़े हैं। हालांकि अब तक उन्हें किसी भी मामले में सजा नहीं हुई है और सभी केस अदालतों में लंबित हैं।
कितने पढ़े-लिखे हैं कन्हैया कुमार?
शिक्षा के मामले में कन्हैया कुमार अपने समकक्ष नेताओं से आगे हैं। उन्होंने जेएनयू से एमफिल और डीफिल किया है। यानी दिल्ली की चुनावी दौड़ में संपत्ति के मामले में भले ही वे सबसे पीछे हों, लेकिन पढ़ाई-लिखाई में सबसे आगे गिने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications