LJP पर जेडीयू के मंत्री ने साधा निशाना, कहा- बड़ा सपना पूरा करने के लिए काम करें
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर जल्द ही ऐलान होने वाला है। लेकिन प्रदेश में राजनीतिक दलों का सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है। न तो महागठबंधन और न ही एनडीए में शामिल सभी दलों के बीच सही चल रहा है। खास तौर पर लोक जन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान का सीएम नीतीश के कार्यों पर निशाना साधा जाना जनता दल यूनाइटेड को काफी परेशान कर रहा है।

इसी मुद्दे पर पलटवार करते हुए नीतीश सरकार में उद्योग मंत्री महेश्वर हजारी ने चिराग पासवान पर बड़ा हमला किया है। महेश्वर हजारी कहा कि कुछ लोग पंडित जी से पत्री दिखाकर आते हैं और बड़ा-बड़ा सपना देखने लगते हैं। सपना देखना गलत नहीं है, लेकिन उसको पूरा करने के लिए उसके अनुकूल काम करना होता है।
बता दें कि हाल में ही चिराग पासवान ने नीतीश सरकार की असफलताओं को गिनाते हुए बीते 13 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा था। इसमें अपने कार्यकर्ताओं की राय को बताते हुए कहा गया था कि सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और उनके चेहरे पर चुनाव लड़ना ठीक नहीं है।
Recommended Video
इससे पहले बीते 7 सितंबर को एलजेपी बिहार संसदीय बोर्ड की बैठक में 143 विधानसभा सीटों पर तैयारी करने की बात कही गई थी। सदस्यों की तरफ़ से हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की बात हुई थी। इसके साथ ही संसदीय बोर्ड के सदस्यों की तरफ़ से नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव में जाने पर नुकसान होने की बात कही गई थी।
इस बीच एलजेपी के पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने लोजपा के रुख में नरमी के संकेत देते हुए कहा है कि अभी गठबंधन की दुनिया है और गठबंधन की राजनीति अभी हो रही है। अलग होने पर किसी एक का नफा-नुकसान नहीं होना है। शरीर का हर एक अंग आंख, जीभ, कान ये सभी एक साथ होता है तो सुंदर होता है। किसी एक को काट कर हटाया जाता है तो शरीर अपाहिज कहा जाता है। सभी लोग अपने -अपने हक की लड़ाई लड़ते हैं।
इसी बात को लेकर बुधवार को चिराग पासवान की अध्यक्षता में LJP की एक अहम बैठक दिल्ली में बुलाई गई है। इसमें बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी और आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। इस मीटिंग में पार्टी के सभी सांसदों को मौजूद रहने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications