Bihar Politics: ‘जो बहू का नहीं हुआ वह बिहार का...’ जनसुराज के पोस्टर से चढ़ा सियासी पारा, भड़के RJD नेता
Jansuraj Poster In Patna: बिहार में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद से ही विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। पक्ष विपक्ष के नेताओं ने अपने-अपने हिसाब से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट पर दावेदारी भी जतानी शुरू कर दी है। वहीं चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं।
2 अक्टूबर को प्रशांत किशोर की पार्टी का गठन होने जा रहा है। उससे पहले ही बिहार में जनसुराज की तरफ़ से अपर्णा यादव द्वारा लगाए गए पोस्टर ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। बिहार की राजधानी पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर एक पोस्टर चस्पा किया गया है।

जन सुराज की तरफ़ अपर्णा यादव द्वारा चस्पा किए गए पोस्टर में लिखा है, 'जो बहू का नहीं हुआ वो बिहार का क्या होगा। बिहार तो अब जन सुराज का होगा'। इस पोस्टर को सीधे तौर पर राजद पर तंज़ की तरह से जोड़कर देखा जा रहा है। अपर्णा यादव द्वारा लगवाए गए पोस्टर के ज़रिए लोगों को जन सुराज से जुड़ने की अपील की गई है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी टूटने से इसे जोड़ने पर राजद नेता अब्दुल जब्बार ने कहा कि जनसुराज के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए ऊल जुलूल चीज़ों से मीडिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है।
जनता सब जान रही है कि जन सुराज का एजेंडा क्या है। प्रशांत किशोर पहले भाजपा का गुणगान करते थे, अब भाजपा की मदद करने के लिए ही जनता को भ्रमित कर रहे हैं। प्रशांत किशोर की यह चुनावी रणनीति ही है कि वोटों का बंटवारा हो और भाजपा जीत जाए। लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है, जनता जान चुकी है। अब उनके झांसे में नहीं आने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications