बिहारः जमुई में 12 साल के बेटे के सामने दबंगों ने मां के साथ किया गैंगरेप
जमुई। बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 12 वर्षीय लड़के के सामने उसकी मां के साथ गैंगरेप किया गया है। वहीं जब महिला ने विरोध किया तो उसपर दबंगों ने चाकू से हमला कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़िता पर 24 घंटे तक नजर बनाए रखा। जैसे-तैसे महिला रात के अंधेरे में बच्चे के साथ भाग निकली और थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसके बाद सदर अस्पताल पहुंची, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़िता के पति का कुछ साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसका बड़ा बेटा सूरत में मजदूरी करता है और वह अपने छोटे बेटे के साथ रहती है। सोमवार की रात को उसी के गांव का सुकदेव यादव और पड़ोसी गांव का रहने वाला महेंद्र यादव उसके घर में घुस गए और हथियार के दम पर मां-बेटे को बंधक बना लिया।
पीड़िता के बेटे ने बताया कि शोर मचाने पर मारपीट करने लगे। फिर उसके सामने ही दोनों ने मां के साथ गैंगरेप किया। मां ने जब विरोध किया तो दबंगों ने उसपर हमला कर दिया, जिसमें मां बुरी तरह से घायल हो गई। जाते-जाते धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो बेटे को जान से मार देंगे। इसके बाद महिला जब घर से बाहर निकली तो देखा कि आरोपित उसपर नजर बनाए हुए हैं। जैसे-तैसे मंगलवार की देर रात को पीड़िता बच्चे के साथ थाने पहुंच गई और पुलिस से शिकायत की।
इस मामले में चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि महिला ने मारपीट और छेड़छाड़ की बात कही थी। महिला घायल थी इसलिए बयान लेने के बाद उसे पहले इलाज कराने के लिए बोला गया। उसे सदर अस्पताल भेजा गया है। महिला ने सदर अस्पताल में यह बयान दिया है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। लेकिन इस मामले में पूर्व में चकाई में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। इसलिए उसके बयान को चकाई थाना भेजकर प्राथमिकी को अपडेट कराया जाएगा। पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications