Indian Railways: बिहार को मिलेगी 5 नई अमृत भारत ट्रेनों की सौगात, चेक करें अपने शहर का स्टॉपेज और किराया
Indian Railways: भारतीय रेलवे ने बिहार के रेल यात्रियों को नए साल में बड़ा तोहफा दिया है। बिहार के रास्ते पांच नई 'अमृत भारत एक्सप्रेस' ट्रेनें चलने जा रही हैं, जिन्हें आगामी 17 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन ट्रेनों के चलने से पटना, गया, मुजफ्फरपुर और कटिहार समेत दर्जनों शहरों के लोगों को यूपी, बंगाल, दिल्ली और मुंबई जाने में आसानी होगी।
बिहार में पहले से ही 10 अमृत भारत ट्रेनें अलग-अलग रूट्स (जैसे दरभंगा-दिल्ली, सहरसा-मुंबई, सीतामढ़ी-दिल्ली) पर सेवाएं दे रही हैं। नई ट्रेनों के जुड़ने से यह संख्या और बढ़ जाएगी। रेलवे ने नई ट्रेनों के नंबर और स्टॉपेज तय कर दिए हैं, हालांकि विस्तृत टाइम-टेबल आना अभी बाकी है।

Bihar Amrit Bharat Express: किन-किन रूटों पर चलेंगी ये ट्रेनें?
- 1. बनारस-सियालदह (वाया पटना): गाड़ी संख्या 22588/22587 बनारस और सियालदह के बीच दौड़ेगी। यह ट्रेन बनारस से रवि, गुरु और शुक्रवार को, जबकि सियालदह से सोम, बुध और शनिवार को चलेगी। इसका प्रमुख ठहराव पटना जंक्शन होगा।
- 2. हावड़ा-आनंद विहार (वाया गया): साप्ताहिक ट्रेन नंबर 13065/13066 हावड़ा से दिल्ली (आनंद विहार) के बीच चलेगी। बिहार में यह गया, सासाराम, भभुआ रोड, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड पर रुकेगी।
- 3. पनवेल-अलीपुरद्वार (वाया मुजफ्फरपुर): मुंबई और नॉर्थ-ईस्ट को जोड़ने वाली यह साप्ताहिक ट्रेन (11031/11032) पनवेल से सोमवार और अलीपुरद्वार से गुरुवार को चलेगी। यह बिहार के एक बड़े हिस्से को कवर करेगी, जिसमें बक्सर, आरा, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हसनपुर, खगड़िया और कटिहार जैसे स्टेशन शामिल हैं।
- 4. डिब्रूगढ़-गोमती नगर (वाया छपरा-सीवान): ट्रेन नंबर 15949/15950 यूपी के गोमती नगर और असम के डिब्रूगढ़ के बीच सप्ताह में एक दिन चलेगी। बिहार में इसके स्टॉपेज सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार में दिए गए हैं।
- 5. कामाख्या-रोहतक (वाया बरौनी): गाड़ी संख्या 15671/15672 कामाख्या (गुवाहाटी) से हरियाणा के रोहतक तक जाएगी। साप्ताहिक चलने वाली यह ट्रेन बिहार के कटिहार, नवगछिया, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर और छपरा स्टेशनों पर रुकेगी।
Amrit Bharat Express: कितना हो सकता है किराया?
अमृत भारत ट्रेनों के किराए की बात करें तो यह सामान्य मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में थोड़ा अधिक होता है। चूंकि इन ट्रेनों को 'प्रीमियम नॉन-एसी' कैटेगरी में रखा गया है, इसलिए इनका किराया साधारण ट्रेनों के मुकाबले करीब 15 से 17 प्रतिशत तक ज्यादा रहता है।
रेलवे के मौजूदा स्लैब के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रा करने के लिए यात्रियों को न्यूनतम दूरी (1 से 50 किमी तक) के लिए स्लीपर क्लास में लगभग 65 से 100 रुपये और जनरल कोच के लिए करीब 35 रुपये खर्च करने होंगे। लंबी दूरी की यात्रा, जैसे बिहार से दिल्ली या मुंबई के लिए स्लीपर क्लास का संभावित किराया 600 रुपये से लेकर 950 रुपये के बीच हो सकता है, जो तय की गई कुल दूरी पर निर्भर करेगा।
PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
जैसे ही 17 जनवरी को प्रधानमंत्री द्वारा इन 5 नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और आईआरसीटीसी (IRCTC) के पोर्टल पर इनका सटीक किराया और बुकिंग विवरण अपडेट कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications