'बांकीपुर में किसी को भी उतारे,जीतेंगे', BJP के इसी घमंड को प्रशांत किशोर ने किया चकनाचूर, 5 वजह से हारी भाजपा
बिहार के उपचुनावों में बांकीपुर सीट के नतीजों ने पूरे राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। "किसी को भी खड़ा कर दो, जीत तो हमारी ही होगी" वाले जिस भरोसे के सहारे भारतीय जनता पार्टी (BJP) यहां तीन दशकों से बेफिक्र थी, उसे जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। 31 साल से बीजेपी का मजबूत गढ़ रही बांकीपुर सीट अब हाथ से फिसल चुकी है और प्रशांत किशोर यहां बड़ी जीत दर्ज कर चुके हैं।
शुरुआती दौर की मतगणना से ही प्रशांत किशोर ने जो पकड़ बनाई, वह लगातार मजबूत होती गई। 28वें राउंड की वोट गिनती पूरी होने तक जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर को 60 हजार से ज्यादा वोट मिल चुके हैं। वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा 42 हजार वोटों पर ही अटक गए हैं।

प्रशांत किशोर ने 19,000 वोटों का बड़ा अंतर बना लिया है, जिसे पार पाना बीजेपी के लिए अब असंभव दिख रहा है। इसलिए अब प्रशांत किशोर की जीत तय मानी जा रही है। ऐसे में आइए समझते हैं कि आखिर बांकीपुर में भाजपा क्यों हारी। साथ में ये भी जानेंगे कि सीट जीतते ही प्रशांत किशोर से भाजपा को क्या सलाह दी है।
PK का बीजेपी पर करारा हमला, "सम्राट चौधरी को बदलो"
बांकीपुर से विधायक बनने की दहरीज़ पर खड़े प्रशांत किशोर ने रुझानों के बीच बीजेपी आलाकमान को सीधी और तीखी सलाह दे डाली है। पीके ने कहा,
"बीजेपी का 30 साल पुराना किला महज 30 दिनों में ढह गया। बांकीपुर का यह चुनाव केवल सड़क-नाली जैसे स्थानीय मुद्दों का नहीं था। यहाँ की जनता ने बीजेपी नेतृत्व को सीधा मैसेज दिया है कि बिहार में अगर बने रहना है, तो सम्राट चौधरी की जगह किसी और को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाए।"
31 साल का अजेय इतिहास और नितिन नबीन का दबदबा
बांकीपुर विधानसभा सीट 1995 से ही बीजेपी के खाते में रही है। बिहार बीजेपी के बड़े चेहरे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने इस सीट को भगवा पार्टी की सबसे सुरक्षित सीट बना दिया था। नितिन नबीन खुद यहां से लगातार 5 बार विधायक चुने गए।
चुनाव रिकॉर्ड देखें तो नितिन नबीन को इस सीट पर हमेशा एकतरफा प्यार मिला। उन्हें 2010 में 72 फीसदी, 2015 में 60 फीसदी, 2020 में करीब 59 फीसदी और 2025 में लगभग 63 फीसदी वोट मिले थे। लेकिन उनके राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर प्रशांत किशोर ने बाजी मार ली।
आखिर बांकीपुर में क्यों हारी बीजेपी? 5 बड़े कारण
- उम्मीदवार चयन में भारी गड़बड़ी: बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर अंत तक घमासान मचा रहा। पहले अभिषेक बंटी ने पर्चा भरा और सीएम सम्राट चौधरी के साथ प्रचार भी किया, लेकिन फिर अचानक उन्होंने नाम वापस ले लिया। बाद में जल्दबाजी में एक साधारण कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया गया।
- ओवर कॉन्फिडेंस: बांकीपुर में 31 साल से लगातार हो रही जीत की वजह से पार्टी के बड़े नेता मान बैठे थे कि यहां जनता चेहरे को नहीं बल्कि सिर्फ कमल निशान को वोट देती है। लेकिन ये दांव इस बार इनका फेल हो गया।
- निचले स्तर पर सुस्त कैडर: पूरी ताकत झोंकने के बावजूद पार्टी का पारंपरिक वोट बैंक पोलिंग बूथ तक उस उत्साह से नहीं निकला, जैसा पहले निकलता था। इस बार मतदान भी सिर्फ 34.30 प्रतिशत ही रहा।
- स्थानीय असंतोष और एंटी-इंकंबेंसी: लंबे समय से एक ही पार्टी का कब्जा रहने की वजह से शहरी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में दबी जुबान से नाराजगी थी, जिसे पीके ने लपक लिया।
- प्रशांत किशोर का आक्रामक और नया कैंपेन: जन सुराज ने स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ बिहार के भविष्य का जो मॉडल पेश किया, उसने पहली बार वोट देने वाले युवाओं और बदलाव चाहने वाले वोटरों को सीधे तौर पर जोड़ लिया।
नितिन नबीन ने प्रचार के दौरान बांकीपुर को अपना घर बताते हुए ऐतिहासिक जीत के दावे किए थे, लेकिन इस बार जनता ने पारंपरिक गढ़ को ढहाकर प्रशांत किशोर के नए राजनीतिक विकल्प पर भरोसा जता दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
