बिहार की सड़कों पर आज से चलेंगी बसें, गाइडलाइन्स का करना होगा पालन
पटना। बिहार में कई महीनों से चल रहे लॉकडाउन और कोरोना संकट के बीच प्रदेश की जनता को थोड़ी राहत मिलने वाली है। लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर मंगलवार यानी की आज से बस सहित पब्लिक ट्रांसपोर्ट का संचालन फिर शुरू हो जाएगा। हालांकि ट्रांसपोर्ट के संचालन के लिए सूबे की सरकार ने गाइडलाइन भी जारी किए हैं। बीते सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में इसका निर्णय लिया गया।

नए नियमों के तहत 25 अगस्त से राज्य में बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन का परिचालन कोविड-19 के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। राज्य के परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में सभी जिलाधिकारियों, एसएसपी और एसपी को निर्देश दिया गया है।
बता दें कि अनलॉक-3 में सार्वजनिक परिवहन (ऑटो, टैक्सी, कैब को छोड़कर) पर रोक थी। लेकिन अब राज्य में बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों का परिचालन कोविड-19 के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
नए नियमों और गाइडलाइन के मुताबिक, बसों के परिचालन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, ड्राइवर से लेकर कंडक्टर और बस में सफर करने वाले सभी यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। राज्य के परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने ट्रांसपोर्टरों को कोरोना संक्रमण के तहत बसों के परिचालन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों को सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। बता दें कि गाइडलाइन को फॉलो नहीं करने पर संबंधित बस संचालक व मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और बस का परमिट भी रद्द किया जा सकता है।
क्या है गाइडलाइन
बसों के परिचालन के दौरान वाहन को प्रतिदिन धुलवाने, साफ-सुथरा रखने और समय-समय पर हर ट्रिप के बाद सैनिटाइज कराना होगा। ड्राइवर और कंडक्टर को साफ-सुथरे कपड़े का मास्क, ग्लव्स पहनने का निर्देश दिया गया है। वाहनों के अंदर और बाहर कोविड-19 के संक्रमण से बचावों के उपायों संबंधी पोस्टर व स्टिकर लगवाएं।
साथ ही जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए पैम्पलेट का यात्रियों के बीच आवश्यक रूप से वितरण कराना होगा। इसके अलावा वाहनों के अंदर चढ़ने, उतरने के समय सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। वाहनों में निर्धारित सीट के अतिरिक्त एक भी यात्री को नहीं बिठाया जाएगा। वाहनों में सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications