Bihar: पत्रकार विमल हत्याकांड में पुलिस को सफलता, चार आरोपी गिरफ्तार
बिहार के अररिया में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां पत्रकार को बदमाशों ने उनके घर में घुसकर गोली मार दी। जिसके बाद से बिहार की कानून व्यवस्था की आलोचना हो रही थी। हालांकि अब पुलिस एक्शन में आई है और चार लोगों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक घटना के तुरंत बाद पुलिस की कई टीमें बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई थीं। जिसमें अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शक है कि वो इस वारदात में शामिल थे। उनसे पूछताछ कर अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है।

वहीं मामले में पुलिस महानिरीक्षक सुरेश प्रसाद चौधरी ने कहा कि हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हमारी 4 टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रहीं। हमें कुछ जानकारी मिली है और उसके आधार पर हमें इसमें सफलता मिलने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि दोबारा ऐसी घटना ना हो।
नींद से जगाकर मारी थी गोली
पत्रकार विमल यादव अररिया में रानीगंज स्थित अपने घर में थे। तभी शुक्रवार सुबह उनके घर में कुछ बदमाश आए। उन्होंने परिजनों से विमल के बारे में पूछा। जब उन्हें पता चला कि वो सो रहे, तो उन्होंने विमल को उठाया और गोली मार दी। घटना के बाद वो फरार हो गए।
पोस्टमार्टम के दौरान हंगामा
घटना के बाद लोगों ने रानीगंज में जमकर हंगामा किया। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस के पास भी लोगों ने पुलिस के सामने विरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी और सांसद मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
क्यों हुई हत्या?
दो साल पहले विमल के भाई गब्बू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में वो चश्मदीद गवाह थे। उनको बदमाशों ने कई बार गवाही नहीं देने के लिए धमकाया था, लेकिन वो डरे नहीं और कोर्ट को सबकुछ बता दिया। कहा जा रहा कि इसी का बदला लेने के लिए उनकी हत्या की गई है।












Click it and Unblock the Notifications