बिहार: महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने और वीडियो बनाने के मामले में राजद नेता समेत 15 गिरफ्तार
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में युवक की हत्या के बाद महिला को निर्वस्त्र करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 360 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है जबकि 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में राजद नेता कौशल किशोर यादव भी शामिल हैं। सभी की गिरफ्तारी बिहियां के जमुआ गांव से हुई है।
इससे पहले सोमवार की शाम रेलवे ट्रैक के पास 20 वर्षीय बिमलेश शाह नाम के युवक का शव मिलने से नाराज ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर बिहियां की कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या के आरोप में रेड लाइट एरिया की एक महिला को भी पीटने के बाद निर्वस्त्र कर के घुमाया था। घटना जिले के बिहियां थाना क्षेत्र के बिहियां स्टेशन की है जहां युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान विमलेश साव के रूप में हुई थी।
युवक की हत्या में एक महिला की संलिप्तता के शक में आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच बाजार में महिला को निर्वस्त्र कर पीटना शुरू कर दिया था. महिला रो-रो कर अपनी बेगुनाही का सबूत दे रही थी लेकिन आक्रोशित ग्रामीण कुछ भी सुनने को राजी नहीं थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या करके रेलवे ट्रैक के पास जानबूझकर फेंका गया है. वहीं दूसरी ओर मृतक विमलेश साव के परिजनों का कहना है कि विमलेश परीक्षा देने आया था। उसे दो लोगों ने जान से मार कर रेलवे ट्रैक के पास फेंका है।
ये भी पढ़ें- अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर मौनी स्वामी ने ली भू-समाधि