'तेजस्वी यादव अगर लालू के बेटे न होते तो...', प्रशांत किशोर ने नीतीश तेजस्वी पर कसा तंज
बिहार में प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के 10 लाख नौकरी के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वो लालू यादल के बेटे न होते तो देश में उन्हें नौकरी नहीं मिलती।

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव, लालू यादव के बेटे न होते तो देश में उनकी काबिलियत पर कोई नौकरी नहीं मिलती।
प्रशांत किशोर इन दिनों जन सुराज पदयात्रा के कारण बिहार का दौरा कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने पहली कैबिनेट में ही 10 लाख नौकरी देने की बात कही थी, अब आप बंगाल, उत्तर प्रदेश कहां कहां घूम रहे हैं, कैबिनेट लगातार हो रही है। पहले कैबिनेट के बजाय 100 कैबिनेट हो गए आखिर नौकरी कब देंगे।
इसके साथ ही उन्होंने डिप्टी सीएम के लिए कहा कि अगर वो नौकरी नहीं दे सकते हैं तो जनता से माफी मांग कर बोले कि हमने चुनाव के लिए नौकरी का झूठा आश्वासन दिया था। ये तो सब जानते हैं कि जीवन बीत जाएगा लेकिन 10 लाख नौकरी नहीं दे पाएंगे। अगर वो खुद लालू यादव के बेटे न होते तो उन्हें कोई नौकरी नहीं मिलती।
वहीं, रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2019 में आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्र बाबू नायडू की भूमिका में नीतीश कुमार हैं। चंद्र बाबू नायडू ने भी साल 2019 में बीजेपी के खिलाफ तीसरे मोर्चे की शुरूआत की थी और सबको साथ लाने की बात कही, लेकिन नतीजा ये हुआ कि उनके 23 विधायक जीते और वो सत्ता से बाहर हो गए। नीतीश कुमार की लंगड़ी सरकार है। इसलिए वो बिहार की चिंता करें।












Click it and Unblock the Notifications