'मां सो गई तो पापा ने ट्रेन के दरवाजे पर लाकर हम तीनों बहनों को धक्का दे दिया'
पटना। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले एक बेरहम पिता की दिल दहलाने वाली करतूत सामने आई है। चलती ट्रेन से बेरहम पिता ने एक-एक कर तीनों बेटियों को फेंक दिया। एक बच्ची की मौत हो गई है और बाकी दो बहनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब वह सुबह मॉर्निंग वॉक करने के लिए रेलवे ट्रैक के पास गए तभी बच्ची घायल अवस्था में दिखी। मामले की जानकारी जीआरपी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए ट्रैक से तीन मासूम बच्चियों को बरामद किया। फिलहाल सभी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है जहां एक बच्ची की मौत हो गई।

आठ साल की बेटी ने दी खौफनाक घटना की गवाही
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले एक बेरहम पिता अपने तीनों बच्चों से इस कदर परेशान था कि वह उसे रास्ते से हटाने की फिराक में लगा हुआ था। इस दौरान पूरे परिवार के साथ अमृतसर से सहरसा जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। चलती ट्रेन में उसकी पत्नी के सोने के बाद उसने एक एक कर तीनों बच्चों को ट्रेन के गेट पर ले जाकर फेंक दिया। आसपास के लोग जब रेलवे ट्रैक के पास घूमने के लिए निकले थे तभी उन्हें रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में बेहोश एक मासूम बच्ची मिली जिसके बाद मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन घायल बच्चियों को वहां से बरामद किया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आठ साल की बेटी अल्बुन खातून होश में आई और सदमे से घबराई हुई अपने पिता की करतूत बताई।

'पहले छोटी बहन को फेंका, फिर मुझे'
अल्बुन ने बताया कि वो मोतिहारी जिले के छोड़िया गांव की है। उसकी मां अबलीना खातून जब ट्रेन में सो गई तो पिता इद्दू उसे और छह साल की सलीना खातून को ट्रेन के दरवाजे के पास ले गए। पहले उसने छोटी बहन को फेंका और फिर उसके बाद उसे भी धक्का दे दिया। घायल बच्ची ने बताया कि हमारी मां और पापा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।

मामला दर्ज कर पुलिस कर रही जांच
वहीं मामले की जानकारी देते हुए मोतिहारी के एसपी उपेंद्र कुमार का कहना है कि बच्ची के बयान के आधार पर उसके परिवार वालों की तलाश की जा रही है। सीतापुर के सीओ सिटी योगेंद्र सिंह का कहना है कि बच्ची को रामकोट थाना के गौरा गांव के पास से बेहोशी की अवस्था में बरामद किया गया है जिसमें पहली बच्ची रामपुर थाना क्षेत्र से तो दूसरी भवानीपुर और तीसरी मानपुर थाना क्षेत्र के रमईपुर हाल्ट के करीब घायला अवस्था में बेहोश पड़ी हुई थी। इस मामले में जीआरपी पुलिस को मामला दर्ज कर जांच करने का आदेश दे दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications