Bihar News: CM नीतीश के करीबी सांसद के बयान से चढ़ा सियासी पारा, JDU ने किया किनारा, BJP का मिला सहारा
JDU MP Latest News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पार्टी की सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुटे हुए हैं। वहीं उनके करीबी सांसदों में शुमार किए जाने वाले सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के बयान ने जदयू के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं।
सीतामढ़ी संसदीय क्षेत्र से जदयू की टिकट पर एनडीए की तरफ़ से जीत दर्ज करने वाले देवेश चंद्र ठाकुर के खिलाफ लोगों में रोष देखने को मिल रहा है। रतनपुरा गांव ( वैशाली, बिहार) के राजद कार्यकर्ताओं ने भी सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर नारेबाज़ी की।

राजद कार्यकर्ताओं ने बाज़ाबते पोस्टर चस्पा किया है, जिसमें लिखा हुआ है कि यह यादव, कुशवाहा और मुसलमान का गांव है। कृप्या इस गांव के सड़क से सांसद महोदय देवेश चंद्र ठाकुर ना जाएं। निवेदक समस्त ग्राम वासी।
राजद कार्यकर्ताओं की मांग है कि सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से इस्तीफा दें, सीतामढ़ी में फिर से चुनाव हो। जदयू सांसद विवादित बयान देकर घिरते हुए नज़र आ रहे हैं। जदयू नेता भी उनके इस बयान की निंदा करते हुए किनारा कर रहे हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने अपने ही पार्टी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के बयान से असहमत नज़र आए। वहीं नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी देवेश ठाकुर के बयान को सही नहीं बताया। उन्होंने कहा कि मैं भी सांसद नालंदा हूं।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि अगर किसी ने मुझे वोट नहीं दिया तो इसका यह मतलब नहीं कि वह मेरे प्रतिनिधित्व से बाहर है। पूरे जिले का प्रतिनिधित्व मेरी ज़िम्मेदारी है। मैं सभी लोगों का सांसद हूं जिन्होंने वोट दिया उनका भी और जिन्होंने वोट नहीं दिया उनका भी।
यादवों और मुस्लिमों के खिलाफ़ बयानबाज़ी कर जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुरसे पार्टी के लोगों ने तो किनारा कर लिया, लेकिन भाजपा नेता ने उनका समर्थन किया है। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने देवेश चंद्र ठाकुर के बयान का समर्थन किया है।
विजय सिन्हा ने किसी समुदाय का नाम लिया बिना ही कहा कि वैसे लोगों को सोचना चाहिए, जो कि किसी दल के नाम पर परिवार की बंधुआगिरी सही नहीं है। सबके लिए सरकार काम करती है। जन प्रतिनिधि भी सभी के लिए काम करते हैं, लेकिन स्वाभाविक रूप से वोट देने वालों के काम को प्राथमिकता मिल ही जाती है।
आपको बता दें कि सीतामढ़ी से जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के धन्यवाद यात्रा का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह यादव और मुसलमानों के लिए कोई काम नहीं करूंगा कहते हुए नज़र आ रहे हैं। वह कह रहे हैं कि यादव और मुसलमान समुदाय के लोग काम करवाने आएं, लेकिन चाय नाश्ता कर वापिस चले जाएं। इसके बाद से ही जदयू सांसद के खिलाफ विपक्ष ने निशाना साधना शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications