Bihar News: CM नीतीश ने किया अरबों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास, 2 घंटे में पूरी होगी पटना की दूरी
Bihar CM Nitish Kumar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार 23 सितंबर को जहानाबाद जिले में रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण किया। विभिन्न विभागों के अंतर्गत 57 करोड़ 14 लाख 59 हजार रुपये की योजनाओं का उद्घाटन तथा 65 करोड़ 62 लाख 4 हजार रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से जहानाबाद जाने के क्रम में सरिस्ताबाद गांव के पास एन.एच-30 और नाथूपुर गांव के पास एन.एच-83 को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पटना-गया-डोभी लिंक पथ का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके बाद पटना-गया-डोभी (एन.एच-83) मार्ग पर अवस्थित जहानाबाद में निर्माणाधीन आर.ओ.बी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद कनौदी गांव के पास एन.एच-83 पर ही आयोजित समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पटना-गया-डोभी पथ (एन.एच-83) के निर्माण कार्य के संबंध में सीएम को विस्तृत जानकारी दी।
प्रत्यय अमृत ने बताया कि बचे हुए काम को तेजी से पूरा करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस मार्ग के बनने के बाद पटना से डोभी की दूरी 2 घंटे में तय की जा सकेगी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना-गया-डोभी मार्ग के बचे हुए कार्य को 2 महीने के अंदर पूरा करें।
इस मार्ग के पूरा हो जाने से पटना से डोभी तक पहुंचने में लोगों का काफी वक्त बचेगा। आवागमन में भी आसानी होगी। वहीं लोगों का झारखंड जाने में भी वक्त बचेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जहानाबाद के कल्पा ग्राम में नवनिर्मित कल्पा पंचायत सरकार भवन का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। पंचायत सरकार भवन परिसर में ही आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से विभिन्न विभागों की कई योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर गृह विभाग के अंतर्गत 4.70 करोड़ रुपये की लागत से जहानाबाद जिला में नवनिर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सह महिला थाना भवन का उद्घाटन किया।
15.55 करोड़ रुपये की लागत से जहानाबाद जिला में 150 महिला सिपाही बैरक, अभियोजन भवन, प्रक्षेत्रीय जिला प्रोबेशन कार्यालय भवन सहित कुल 11 पुलिस भवनों का भी शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
सीएम ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत लाभुकों को चेक, उज्ज्वल दृष्टि योजना अंतर्गत वृद्ध जनों को चश्मा भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने लाभुकों को आयुष्मान भारत कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों को कुल 5 लाख 21 हजार रुपये का सांकेतिक चेक बांटा।
भूमि संरक्षण अंतर्गत जल छाजन विकास योजना के तहत 50 लाभुक किसानों को 25 लाख का सांकेतिक चेक तथा 5573 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 45 करोड़ 26 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कल्पा ग्राम स्थित तालाब के जीर्णोद्धार कार्य तथा पेवर ब्लॉक पथ का भी निरीक्षण किया। तालाब किनारे बेहतर ढंग से वृक्षारोपण कराने तथा सौंदर्गीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications