'20 जुलाई तक बम से उड़ा देंगे', बिहार चुनाव से पहले चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, किसने की ये हरकत?
Chirag Paswan Death Threat: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीति का तापमान भी चढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है-केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। पार्टी प्रवक्ता राजेश भट्ट ने इसकी जानकारी दी और पटना के साइबर थाना में इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के मुताबिक, यह धमकी 'टाइगर मेराज इदिसी' नामक एक इंस्टाग्राम यूजर द्वारा दी गई है। शिकायतकर्ता ने इसे आपराधिक मंशा और गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्तता का साफ संकेत बताया है। धमकी देने वाले ने कहा है कि '20 जुलाई तक चिराग पासवान को बम से उड़ा देगा।'

'चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोग परेशान हैं'
राजेश भट्ट ने अपनी शिकायत में लिखा,"चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोग परेशान हैं और यह धमकी उसी का नतीजा है। मैं आपसे निवेदन करता हूं कि इस गंभीर मामले का तुरंत संज्ञान लें और दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाएं।"
इस मामले पर साइबर डीसीपी नितीश चंद्र धारिया ने बताया 11 जुलाई की रात करीब 9 बजे चिराग पासवान को सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिली थी। साइबर थाना, पटना में मामला दर्ज कर लिया गया है और इस पर कानूनी कार्रवाई जारी है।

चुनावी ऐलान के बीच चिराग पासवान को धमकी
हाल ही में चिराग पासवान ने बिहार चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। सारण जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, "मैं आज इस पवित्र भूमि सारण से ऐलान करता हूं कि हां, मैं चुनाव लड़ूंगा। बिहार की जनता के लिए, अपने भाइयों, माताओं और बहनों के लिए लड़ूंगा। हम ऐसा बिहार बनाएंगे जो वाकई में विकास के रास्ते पर आगे बढ़े।"
चिराग की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) वर्तमान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है, जिसमें जेडीयू और बीजेपी भी शामिल हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में संभावित हैं, हालांकि अभी चुनाव आयोग की ओर से तारीख की घोषणा नहीं की गई है। लेकिन राजनीतिक हलचल और अब इस धमकी ने चुनावी माहौल को और भी गर्म कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications