ढाई करोड़ की हेराफेरी मामले में औरंगाबाद के DM पर FIR, 6 ठिकानों पर छापेमारी
पटना। औरंगाबाद के डीएम कंवल तनुज पर करोड़ों की हेराफेरी करने के मामले में सीबीआई ने छापेमारी की। दरअसल औरंगाबाद के जिला अधिकारी NTPC जमीन अधिग्रहण मामले में फंसे हैं और इसी मामले को लेकर 21 फरवरी को उनके खिलाफ सीबीआई ने दिल्ली में FIR दर्ज किया था। FIR दर्ज होने के बाद कल सुबह उनके ठिकाने पर सीबीआई अधिकारियों द्वारा छापेमारी की गई जिसमें उनके ऑफिस सहित छह ठिकानों पर 9 घंटे तक छापेमारी की गई। इसमें जमीन से संबंधित सभी दस्तावेज को जब्त किए गए। जांच टीम के द्वारा DM के औरंगाबाद कार्यालय सहित लखनऊ से लेकर नोएडा तक की जांच की गई है। साथ ही साथ सीबीआई अधिकारी उनके संपत्ति से जुड़े दस्तावेज की भी जांच कर रहे हैं।

सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की
मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई ने FIR दर्ज होने के बाद दिल्ली के एसपी राजेश रंजन के नेतृत्व में छापेमारी की तैयारी की और शुक्रवार की सुबह DM के कार्यालय के साथ-साथ उनसे जुड़े अन्य स्थानों पर छापेमारी की। जिसमें डीएम आवास, कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय, नवीनगर अंचल कार्यालय व बीआरबीसीएल बिजली परियोजना कार्यालय भी शामिल है। आपको बताते चलें कि कंवल तनुज 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने 4 अगस्त, 2015 को बतौर औरंगाबाद डीएम के रूप में पदभार ग्रहण किया था।

छापेमारी से पहले किया मोबाइल जब्त
आधिकारिक सूत्रों की अगर मानें तो सीबीआई की टीम के द्वारा जैसे ही DM के सरकारी आवास में छापेमारी के लिए पहुंची तो पहले DM के मोबाइल को जब्त कर लिया साथ ही सभी कर्मचारी को गोपनीय शाखा से बाहर कर दिया इसके बाद एक एक कर कार्यालय व कमरे की तलाशी लेते हुए सीबीआई की टीम ने बाथरूम को भी खंगाला हर छोटी छोटी चीज की भी गहनता से जांच की गई। DM के आवास व अन्य ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी की जानकारी मिलते ही वहां के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सीबीआई अधिकारी के द्वारा औरंगाबाद, नयी दिल्ली, नोएडा और लखनऊ में छह ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की।

पैतृक आवास और ससुराल तक सीबीआई ने छापा मारा
इन स्थानों में औरंगाबाद डीएम के आवास के अलावा लखनऊ और नोएडा में डीएम का पैतृक घर एवं ससुराल तथा नयी दिल्ली स्थित इस धांधली में संलिप्त बीआरबीसीएल (भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड) के सीईओ सी. शिव कुमार का दफ्तर और आवास शामिल हैं। उनके ऊपर यह आरोप लगा था कि उन्होंने नवीनगर बिजली परियोजना के लिए जमीन के अधिग्रहण में किसी दूसरे की 7.09 एकड़ जमीन को किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दिखाकर जमीन मुआवजा के लिए जारी दो करोड़ सात लाख 84 हजार रुपये हड़प लिए। इस मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करते हुए डीएम कंवल तनुज और सीईओ सी.शिव कुमार के अलावा कंपनी तथा जिला प्रशासन के कुछ अज्ञात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications