बिहार चुनाव: भाजपा ने शेयर किया सीएम हेमंत सोरेन का यह वीडियो, पीएम मोदी ने तीसरे चरण में इसको बनाया मुद्दा
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के 10 लाख नौकरी के चुनावी वादे पर लगातार हमला बोलते हुए एनडीए के नेता 15 साल चले लालू यादव के शासन की याद जनता को दिला रहे हैं। तीसरे चरण का चुनाव 7 नवंबर को है। तीसरा चरण आते-आते अब भाजपा फिर भारत माता की जय और जय श्री राम का मुद्दा जोर-शोर से उठा रही है। 2 नवंबर को बिहार भाजपा ने ट्विटर पर झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरन के एक भाषण का 26 सेकेंड का वीडियो शेयर किया और महागठबंधन पर हमला बोला। बिहार भाजपा ने कहा कि जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से हेमंत सोरेन का दिमाग खराब होता है। अगले ही दिन तीन नवंबर को सहरसा रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेमंत सोरेन का नाम लिए बिना कहा कि भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों से जंगलराज के साथियों को दिक्कत होती है और उनको सिर दर्द होने लगता है। राजद और कांग्रेस झारखंड में हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो की सहयोगी हैं।

बिहार भाजपा ने वीडियो शेयर कर ये कहा है?
बिहार भाजपा ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए हेमंत सोरेन के भाषण का वीडियो शेयर किया और लिखा कि जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे सुनकर हेमंत सोरेन का दिमाग खराब होता है। झारखंड में राजद और कांग्रेस इनके सहयोगी हैं। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी भी बिहारवासियों को बताएं कि क्या उनका भी नारों से दिमाग खराब होता है? ये गठबंधन ना'पाक' इरादों की पोल खोलता है। बुधवार को ही एक रैली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने कहा कि विपक्ष के लोग कहते हैं कि भाजपा वाले जबर्दस्ती भारत माता की जय कहलाना चाहते हैं, मैं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि हिंदुस्तानी भारत माता की जय नहीं बोलेगा तो क्या पाकिस्तान जिंदाबाद बोलेगा?
वीडियो में सीएम हेमंत सोरन ने क्या कहा है?
जिस वीडियो को बिहार भाजपा ने शेयर कहा है वह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाषण का एक अंश है। 26 सेकेंड के इस वीडियो में भाषण देते हुए हेमंत सोरन कह रहे हैं कि ...समझ में नहीं आया कि वो कौन सी पार्टी है, झंडा तो कमल का था लेकिन भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद एक बार भी नहीं कोई बोल रहा था। सुना तो जय श्री राम, जय श्री राम...मैंने सोचा कि ये कौन पार्टी आ गया? फिर भारत मात की जय, भारत माता की जय...हमारा तो दिमाग खराब हो गया, हमें लगा ये हो क्या रहा है...
वीडियो पर जदयू और भाजपा की प्रतिक्रिया
जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जय श्री राम का नारा संस्कार और आस्था से जुड़ा है, इसमें कैसे किसी को सिर दर्द हो सकता है, आस्था से जुड़ी बात पर बयान देना गलत है और किसी राज्य के सीएम को ऐसा नहीं करना चाहिए। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सीएम पद पर बैठा व्यक्ति अगर बोलता है कि भारत माता की जय, जय श्री राम नारे से दिमाग खराब होता है तो सच में उनका दिमाग खराब है।












Click it and Unblock the Notifications