कमलनाथ के बयान पर बिहार में भाजपा हमलावर, सांसद सरोज पांडे ने कहा- कांग्रेस राजद ने दिए महिला उत्पीड़न करने वालों को टिकट
पटना। मध्य प्रदेश में हो रहे उपचुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर बवाल मचा है। उन्होंने चुनावी भाषण के दौरान कहा- ये क्या आइटम है? जिसको लेकर भाजपा का आरोप है कि कमलनाथ ने डबरा से पार्टी प्रत्याशी इमरती देवी को आइटम कहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमलनाथ पर दलित महिला का अपमान करने का आरोप लगाया। अब इस बयान की गूंज बिहार विधानसभा चुनाव में भी सुनाई दे रही है। बिहार की राजधानी पटना पहुंची भाजपा की राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने कहा कि पांच महिला कार्यकर्ताओं के साथ चार घंटे का उपवास रखकर वो विरोध जताएंगी।
Recommended Video
भाजपा सांसद सरोज पांडे ने इमरती देवी का जिक्र करते हुए कहा कि जो बहन चुनाव लड़ रही है उस पर अभद्र टिप्पणी मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सार्वजनिक सभा में करते हैं। कहा कि नवरात्रि के शक्ति और भक्ति के पर्व के दौरान महिला के साथ ऐसा दुर्व्यवहार हुआ है लेकिन कांग्रेस की महिला अध्यक्ष कुछ कहती नहीं हैं। महागठबंधन पर निशाना साधते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी, महिलाओं पर अत्याचार को शह देते हैं तभी तो कांग्रेस ने पॉक्सो एक्ट के आरोपी ब्रजेश पांडे को टिकट दिया है, वहीं आरजेडी ने अरुण यादव और राजबल्लभ यादव की पत्नी को टिकट दिया है जो महिला उत्पीड़न के गुनहगार हैं। इसके बाद सांसद ने ऐलान किया कि इमरती देवी के साथ जो हुआ उसका विरोध वो और पांच महिलाएं उपवास रखकर करेंगी।
कमलनाथ के बयान पर बिहार कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि अगर किसी भी पार्टी का नेता महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अभद्र टिप्पणी करता है तो उसे माफी मांगनी चाहिए लेकिन महिलाओं का उत्पीड़न सबसे ज्यादा भाजपा में होता है। ऐसे में भाजपा का इस तरह ढोल पीटना अनर्गल लगता है। राजद सांसद मनोज झा ने कमलनाथ के बयान पर कहा कि किसी भी दल का व्यक्ति अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करता है तो वह हमें स्वीकार नहीं है मगर हाथरस हमलोग भूले नहीं हैं। जो लोग विरोध कर रहे हैं उनके लिए यह नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली वाली बात है।
इमरती देवी को आइटम कहने पर कमलनाथ ने दी सफाई, बताई आइटम बोलने की वजह