पटना में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, नीतीश सरकार पर भड़के तेजस्वी, जानिए क्या कहा?
Bihar Law and Order Tejashwi Yadav: बिहार एक बार फिर कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सवालों के घेरे में है। राजधानी पटना में बीजेपी नेता की सरेआम गोली मारकर हत्या ने ना सिर्फ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी तूफान खड़ा कर दिया है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार को आड़े हाथों लिया है। तेजस्वी ने न सिर्फ मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति पर तंज कसा, बल्कि बीजेपी के दोनों डिप्टी सीएम को भी "नकारा" करार दिया।
उन्होंने सवाल उठाया कि भ्रष्ट 'भूंजा-DK पार्टी' (उनके शब्दों में) और एनडीए के जिम्मेदार नेता इस बढ़ते अपराध पर चुप क्यों हैं?राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच, जनता के मन में यही सवाल गूंज रहा है आखिर बिहार में सुरक्षित कौन है?

तेजस्वी ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि, 'और अब पटना में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या! क्या कहे किससे कहे? NDA सरकार में कोई सच्चाई सुनने वाला नहीं, गलती स्वीकारने वाला नहीं? CM के स्वास्थ्य का सबको पता है लेकिन BJP के दो-दो नकारे उपमुख्यमंत्री क्या कर रहे है? भ्रष्ट भूंजा-DK पार्टी का कोई बयान नहीं?'
खेत में पटवन के दौरान बीजेपी नेता की हत्या
पटना के मसौढ़ी क्षेत्र के एक खेत में पटवन कर रहे 50 वर्षीय बीजेपी नेता सुरेंद्र केवट की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही सुरेंद्र मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में पटना एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मसौढ़ी एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि, "शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र केवट खेत में पटवन कर रहे थे, तभी किसी ने उन्हें गोली मार दी। आस-पास के लोगों ने गोली की आवाज तो सुनी, लेकिन किसी ने किसी को भागते हुए नहीं देखा।"
लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं तेजस्वी
इससे पहले तेजस्वी यादव ने शनिवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि, 'इतने मर्डर हो रहे है कि कोई गिन भी नहीं सकता, बिहार में इंसानों का जीवन कीड़े मकौड़े से भी सस्ता। सीतामढ़ी में गोली मारकर व्यवसायी की हत्या। पटना में दुकानदार की हत्या। नालंदा में गोली मार नर्स की हत्या। खगड़िया में युवक की गोलीमार हत्या। गया और नालंदा में दो-दो की हत्या! चारों तरफ़ सरकारी गुंडों की गोलियाँ ही गोलियाँ।
अपराधियों को संरक्षण दे रही सत्ताधारी नेताओं की बोलियाँ। अपराधियों के सांझेदार NDA नेता-अधिकारी जाति खोजने में व्यस्त।
बिहार में बढ़ रही है अपराधिक धटनाएं
बिहार में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल गरम हो गया है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार जैसी संगीन वारदातें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में दहशत और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। राजधानी पटना से लेकर अन्य जिलों तक अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। ऐसे हालात में अब विपक्षी दलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
एनडीए सरकार के लिए यह स्थिति न सिर्फ प्रशासनिक चुनौती है, बल्कि राजनीतिक जवाबदेही का भी मुद्दा बनती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications