भाजपा भगाओ रैली: इन नेताओं के साथ लालू आज भरेंगे हुंकार
पहले तो इस रैली में बीजेपी को आड़े हाथ लेने की बात कही जा रही थी लेकिन नीतीश कुमार के द्वारा महा गठबंधन को तोड़ बीजेपी के साथ सरकार बनाने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश कुमार के साथ साथ कई बी
पटना। राजद की देश बचाओ-भाजपा भगाओ रैली आज पटना के गांधी मैदान में होगी। इसके लिए लाखों की संख्या में कार्यकर्ता के पहुंचने की बात बताई जा रही है। पहले तो इस रैली में बीजेपी को आड़े हाथ लेने की बात कही जा रही थी लेकिन महागठबंधन को तोड़ बीजेपी के साथ सरकार बनाने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार के साथ साथ कई बीजेपी के नेता इस रैली में निशाने पर होगें।

कई बड़े नेता रैली में होंगे शामिल
वहीं इस रैली में शामिल होने के लिए राजद के नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ साथ अन्य राज्यों के नेता भी आएंगे जिसमें जदयू के बागी नेता शरद यादव, झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन , पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर लोगों की विशेष निगाहें है। इस रैली के मंच पर कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद और वाम दलों के नेता भी नजर आएंगे। रैली की पूरी तैयारी पटना के गांधी मैदान में कर ली गई है जहां 1 बजे लालू यादव पहुंचेंगे और रैली की शुरुआत करेंगे।

पटना के गांधी मैदान में महारैली
पटना के गांधी मैदान के बाहर लोकनायक जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इसी रास्ते से इस रैली में शामिल होने वाले मुख्य अतिथि आएंगे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने इस रैली की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान की थी। रैली की घोषणा के वक्त राजद सरकार में शामिल था और इस रैली में महागठबंधन के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मुलायम सिंह यादव शरद यादव के साथ-साथ अन्य नेताओं के शामिल होने की बात बताई गई थी लेकिन अब हालात कुछ और ही हैं।

जानिए लालू की रैली में शामिल होने 21 नेताओं के बारे में...
आपको बताते चलें की राजद की भाजपा भगाओ देश बचाओ रैली में मंच पर विभिन्न राज्यों के 21 नेता शामिल होंगे।जिसमें शरद यादव (जदयू), पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (तृणमूल कांग्रेस), अखिलेश यादव (सपा), गुलाम नबी आजाद (कांग्रेस), सीपी जोशी (कांग्रेस), तारिक अनवर(एनसीपी), चौधरी जयंत सिंह (आरएलडी), सुधाकर रेड्डी (सीपीआइ), डी राजा (सीपीआइ), बाबू लाल मरांड़ी (जेबीएम), टीकेएस एलेनगोवन (डीएमके), के जोशमणि (के कांग्रेस), हेमंत सोरेन (जेएमएम), एनके प्रेमचंद्रन (आरएसपी), बदरूद्दीन अजमल (एआइयूडीएफ), जगमीत सिंह बरार(टीएमसी), किरणमय नंदा (सपा), अली मुहम्मद सागर (एनसी), अली अनवर(जेडीयू), बी हनुमंत राव (कांग्रेस) और डा दानिश अली (जेडीएस) इन सभी नेताओं ने रैली में शामिल होने की अनुमति दे दी है।

पुलिस प्रशासन चुस्त चप्पे-चप्पे पर रख रही नजर
राजद की इस रैली को लेकर पुलिस प्रशासन काफी चुस्त दुरुस्त दिख रही है। पटना जंकशन,राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र जंक्शन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। बिहार पुलिस के लगभग 5000 जवान को राजधानी पटना के चौक चौराहों पर मुस्तैद किया गया है। साथ ही जिला अधिकारी के द्वारा यह आदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले पर तुरंत कार्रवाई किया जाए। इस रैली को देखते हुए यातायात के लिए रूट बदल दिए गए हैं। निजी वाहनों के आवागमन पर भी कई प्रकार के प्रतिबंध लगाये हैं। वही एंबुलेंस, आपातकालीन वाहनों, हरा व लाल पासधारक वाहनों और प्रशासनिक वाहनों को इसके लिऐ छूट है।












Click it and Unblock the Notifications