बिहार में पुलिसवालों ने अपराधियों के साथ मिलकर किया एक शख्स का अपहरण, कुछ ऐसे रची थी साजिश
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों द्वारा एक व्यक्ति का अपहरण करने का मामला सामने आया है। बीते रविवार को एसपी गौरव मंगला के आदेश पर चार पुलिसकर्मी और पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने अपह्रत को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार हुए पुलिसकर्मियों और अपराधियों के पास से बाइक, सरकारी पिस्टल, सात कारतूस और 11 मोबाइल बरामद किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि शनिवार की रात एक जख्मी पुलिसकर्मी को जौहरी बाजार स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जवान ने बताया कि अपराधियों ने उसे घायल कर उसका सर्विस रिवॉल्वर लूट लिया। ऐसी सूचना मिलने के बाद पूरा महकमा जांच में जुट गया। लेकिन कुछ घंटों की जांच में हैरान कर देने वाली सच्चाई सामने आई। जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक-एक कर सात लोगों को गिरफ्तार किया और अपह्रत को मुक्त करा लिया।
उन्होंने बताया कि शनिवार की रात लालनगंज थाना के टोटहां गांव के रहने वाले शिवपूजन की पत्नी खुशबू कुमारी ने सदर थाने में सूचना दी कि उसके पति का अपहरण कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। उसने अपना शक मोनू व अनिल नाम के व्यक्ति पर जाहिर किया। पुलिस जांच के दौरान पैंथर मोबाइल के सिपाही अनिल मांढी पर बदमाशों के हमले की जानकारी मिली।
सर्विस रिवॉल्वर लूटने की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां एक फोन मिला। फोन का जांच करने पर वह अपह्रत खुशबू के पति शिवपूजन का निकला। दोनों वारदातों के तार जोड़ने के बाद पुलिस ने जब सख्ती से घायल पुलिसकर्मी से पूछताछ की तो हैरान कर देने वाली बात सामने आई है। जवान ने बताया कि अपहरण में पैंथर मोबाइल टीम-1 के सिपाही अनिल मांझी, अनिल कुमार पांडेय, हिमांशु राज के साथ-साथ होमगार्ड मोनू कुमार भी शामिल था। अपराधियों की मदद से एक व्यक्ति का अपहरण कर एक लाख रुपये मांगे जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications