Bihar News: पहले खूंटे से बांधा और फिर सिर मुंडवाया..., बिहार की आदिवासी महिला का वीडियो वायरल
Bihar Araria Tribal Woman: बिहार के जिले में शुक्रवार देर रात एक आदिवासी महिला का सिर मुण्डन करने के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना अररिया जिले के रानीगंज पुलिस स्टेशन के अंदर आने वाले एक आदिवासी गांव में हुई हैं।
महिला पर अपने गांव के एक शख्स के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप है। शुक्रवार की रात ग्रामीणों ने महिला को गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। जिसके बाद महिला को पहले किसी पेड़ के खूंटे से बांधा गया और उसका सिर मुण्डन कर दिया गया।

कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। सिर मुंडवाते समय वीडियो में लोग पीड़िता के लिए आदिवासी (संथाली) भाषा में अपशब्दों का भी प्रयोग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टॉर्च की रोशनी में महिला का सिर मुण्डन होते देखा जा रहा है। वीडियो को कई लोगों ने अपने फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किया है।
घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद रानीगंज पुलिस स्टेशन के एक एएसआई रैंक अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम आदिवासी गांव पहुंची और दोनों पीड़ितों को बचाने में कामयाब रही।
रानीगंज पुलिस स्टेशन अररिया के SHO संजय कुमार ने कहा कि हमने उन्हें आदिवासी गांव से बचाया और पुलिस स्टेशन ले गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी है। घटना के बाद वे डरे हुए थे।
इस मामले में अररिया पुलिस ने ट्वीट करते हुए कहा है कि, रानीगंज थाना अंतर्गत अवैध प्रेम प्रसंग की बात को लेकर महिला को अपमानित करने (बाल छिलने) और घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुछ दिनों पहले बिहार के मुंगेर में एक आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई थी। जिसमें से 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications