Bihar Today: खेलो इंडिया यूथ गेम्स पहली बार बिहार में, ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, ट्रेनों की सेवा में विस्तार
Bihar Today News: बिहार की धरती पर पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स को लेकर राजधानी पटना समेत राज्यभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलीपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उससे जुड़ी सभी प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। खिलाड़ियों, उनके कोच और सपोर्ट स्टाफ के साथ-साथ आम दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर, राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण ने गुरुवार को सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पाटलीपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उससे जुड़ी सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण कर पटना पुलिस के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियां पूरी
यह खेल महाकुंभ 4 मई (रविवार) को भव्य उद्घाटन के साथ शुरू होगा और इसका समापन 15 मई को होगा। उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे, जबकि बिहार के सीएम नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 10,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और सहयोगी भाग ले रहे हैं।
यह पहली बार है जब राष्ट्रीय स्तर का इतना बड़ा खेल आयोजन न केवल पटना बल्कि राज्य के अन्य चार शहरों में भी हो रहा है।
खिलाड़ियों और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बढ़ाई ट्रेन सेवाएं
खेलों के चलते यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने बरौनी-हाजीपुर-पाटलिपुत्र-डीडीयू मार्ग के रास्ते कटिहार से मुंबई सेंट्रल और कोल्हापुर के लिए चलाई जा रही विशेष ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ा दी है:
गाड़ी संख्या 01405 (कोल्हापुर-कटिहार स्पेशल): अब 25 मई 2025 तक हर रविवार को चलेगी।
गाड़ी संख्या 01406 (कटिहार-कोल्हापुर स्पेशल): अब 27 मई 2025 तक हर मंगलवार को चलेगी।
गाड़ी संख्या 09189 (मुंबई सेंट्रल-कटिहार स्पेशल): अब 31 मई 2025 तक हर शनिवार को चलेगी।
गाड़ी संख्या 09190 (कटिहार-मुंबई सेंट्रल स्पेशल): अब 3 जून 2025 तक हर मंगलवार को चलेगी।
सिकंदराबाद जाने वाली ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
सिकंदराबाद स्टेशन पर ट्रैक अपग्रेडेशन कार्य के चलते वहां प्लेटफॉर्म ब्लॉक लिया गया है। इस कारण मुजफ्फरपुर, दानापुर और रक्सौल से सिकंदराबाद के बीच चलने वाली तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का गंतव्य स्टेशन अब अस्थायी रूप से चर्लपल्ली कर दिया गया है:
05293/05294 (मुजफ्फरपुर-सिकंदराबाद स्पेशल)
07648/07647 (दानापुर-सिकंदराबाद स्पेशल)
07052/07051 (रक्सौल-सिकंदराबाद स्पेशल)
हालांकि, मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों पर इन ट्रेनों के ठहराव और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications