दूल्हे के साथ कार में जा रही दुल्हन को शुरू हो गईं उल्टियां और फिर खतरे में पड़ गई जान
पटना। बिहार के सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अपने दूल्हे के साथ कार में जा रही दुल्हन के गले में सिक्का फंस गया। इसके बाद उसकी जान पर बन पड़ी। आनन-फानन में घर के बजाए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दुल्हन के गले से सिक्का निकाला गया। दरअसल, दुल्हन ने सिक्का मुंह में इसलिए रखा था क्योंकि उसे कार में उल्टी हो रही थी।
विदाई के बाद शुरू हो गई उल्टी
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बघौनी गांव के रहने वाले शिव कुमार साह की शादी प्रियंका से हुई थी। शादी पूरी होने के बाद बुधवार सुबह को प्रियंका की विदाई हुई और दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ घर के लिए रवाना हो गया। इस दौरान रास्ते में ही दुल्हन को उल्टी शुरू हो गई। लगातार उसका जी मचलने लगा और दुल्हन को परेशान देख दूल्हा भी परेशान हो गया। उसने उल्टी बंद करने की काफी कोशिश की लेकिन कुछ भी नहीं हुआ।
तभी दुल्हन ने निगल लिया सिक्का
दूल्हे को परेशान होता देख दुल्हन ने उससे एक सिक्का मांगा। दूल्हा कुछ समझ पाता कि दुल्हन ने तपाक से सिक्का निगल लिया ताकि उल्टी रुक जाये। लेकिन सिक्का निगलना दुल्हन के लिए भारी पड़ गया और उसकी जान पर बन पड़ी। दुल्हन की सांसें अटकने लगीं। दुल्हन को परेशान होता देख दूल्हा घर जाने के बजाए हुसैनगंज प्राथमिक केंद्र पहुंचा गया। सुबह 6 बजे दूल्हा-दुल्हन को देख हर कोई हैरान रह गया।
डॉक्टरों ने निकाला सिक्का
परेशान दूल्ह डॉक्टर से मिन्नत करने लगा कि वो उसकी दुल्हन को परेशानी से निजात दिलाए। दूल्हे की परेशानी देखकर डॉक्टरों ने काफी कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने दुल्हन के गले में फंसा सिक्का निकाल दिया।