Bihar Politics: 7 महीने बाद Tej Pratap Yadav से मिले लालू, मीसा भारती के घर हुई भेंट के वक्त कहां थे तेजस्वी?
Bihar Politics Tej Pratap Yadav: लालू प्रसाद यादव के परिवार के लिए शुक्रवार का दिन निराशाजनक रहा। कोर्ट ने आरजेडी सुप्रीमो और उनके परिवार के सदस्यों पर वोट फॉर लैंड मामले में आरोप तय किए हैं। इसके बाद इस मामले में लालू-तेजस्वी और राबड़ी समेत परिवार के दूसरे सदस्यों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। परिवार और पार्टी से निकाले जाने के बाद तेजप्रताप यादव की पहली बार अपने पिता से मुलाकात हुई।
करीब सात महीने बाद तेजप्रताप यादव की पिता लालू यादव से मुलाकात हुई। इस मौके पर उन्होंने मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दही-चूड़ा भोज में शामिल होने का न्योता भी दिया। बताया जा रहा है कि कोर्ट की कार्रवाई खत्म होने के बाद लालू परिवार के कई सदस्य मीसा भारती के घर पहुंचे थे।

Tej Pratap Yadav ने लालू से लिया आशीर्वाद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लालू यादव इन दिनों अपनी बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती के घर ठहरे हुए हैं। कोर्ट की सुनवाई के कुछ देर बाद तेजप्रताप यादव भी वहां पहुंचे और पिता से मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में तेजप्रताप ने कहा कि उन्होंने पिता से आशीर्वाद लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि लालू यादव उनके दही-चूड़ा भोज में जरूर आएंगे। बता दें कि दशकों तक लालू यादव के आवास पर मकर संक्रांति के मौके पर दो दिनों का दही चूड़ा भोज आयोजित होता था।
तेजप्रताप यादव ने यह भी बताया कि 14 जनवरी को पटना स्थित उनके आवास पर मकर संक्रांति के अवसर पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है। इसमें आरजेडी के कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि पिता लालू यादव भी इस आयोजन में शिरकत करेंगे।
Tejashwi Yadav से नहीं हुई तेजप्रताप की मुलाकात
हालांकि, इस दौरान तेज प्रताप यादव और उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। बताया गया कि जब तेज प्रताप मीसा भारती के आवास पहुंचे, उस समय तेजस्वी यादव वहां मौजूद नहीं थे। इससे पहले दोनों भाई कोर्ट परिसर में आमने-सामने जरूर आए, लेकिन किसी तरह की बातचीत नहीं हुई। जिस वक्त तेजप्रताप निकल रहे थे, उसी दौरान सामने की लिफ्ट से तेजस्वी आते हुए नजर आए थे। पार्टी से निकाले जाने के बाद से तेजप्रताप अपने छोटे भाई पर हमलावर रहे हैं।
Bihar Politics: लैंड फॉर जॉब मामले पर घमासान के आसार
- लैंड फॉर जॉब केस को लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे कानूनी लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में सीबीआई ने उन्हें भी आरोपी बनाया है। उन्होंने कहा कि मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।
- शुक्रवार को लैंड फॉर जॉब मामले में आरोप गठन को लेकर कोर्ट में सुनवाई हुई थी, जिसमें लालू यादव परिवार के कई सदस्य पेश हुए।
- कोर्ट की ओर से आरोप तय किए जाने के बाद लालू परिवार की मुश्किलें बढ़नी तय है। दूसरी ओर बिहार की राजनीति में भी यह मामला आने वाले दिनों में छाया रहने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications