Bihar Industry News: बिहार में रोजगार की नई उम्मीद! राजधानी पटना बनेगी इंडस्ट्री हॉटस्पॉट, जमीन अधिग्रहण शुरू
Bihar Industry News: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। बिहार की राजधानी पटना का औद्योगिक दायरा अब तेजी से फैल रहा है और इसी कड़ी में बख्तियारपुर में जिले का चौथा औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
जिला प्रशासन ने इसके लिए 500 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। इस औद्योगिक पार्क के बनने से न सिर्फ निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा होंगे। विस्तार से जानिए इंडस्ट्रियल पार्क बनने से किन-किन गांवो को इसका लाभ मिलेगा, कौन-कौन से रोजगार के अवसर मिलगे...

बख्तियारपुर बनेगा नया औद्योगिक केंद्र
पटना जिले में पहले से पाटलिपुत्र, फतुहा और बिहटा में औद्योगिक क्षेत्र मौजूद हैं। अब इन इलाकों में जगह लगभग भर चुकी है। ऐसे में प्रशासन ने बख्तियारपुर को नए औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने का फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि निवेशकों की मांग को देखते हुए नया औद्योगिक पार्क जरूरी हो गया है।
जमीन अधिग्रहण का काम शुरू
बख्तियारपुर अंचल के सैदपुर, बहादुरपुर, गंगापुर नरौली और ताराचंदपुर गांवों में औद्योगिक पार्क के लिए जमीन ली जाएगी। कुल 500 एकड़ जमीन को इसके लिए चुना गया है। अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार ने अंचलाधिकारी को जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया है।
जिला भू-अर्जन कार्यालय के अमीन जमीन चिन्हित करेंगे और नक्शा तैयार किया जाएगा, ताकि काम समय पर पूरा हो सके। प्रशासन ने साफ किया है कि जमीन अधिग्रहण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। नक्शा बनने के बाद किसानों से आवेदन लिए जाएंगे। सरकार की ओर से किसानों को जमीन के सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
रोजगार के खुलेंगे बड़े मौके
इस औद्योगिक पार्क के बनने से बख्तियारपुर और आसपास के इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यहां छोटे, मझोले और बड़े उद्योग लगाए जाएंगे। खासतौर पर फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं के लिए भी खास सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि वे बिहार में ही अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
इंडस्ट्रियल पार्क खुलने से क्या फायदा होगा?
औद्योगिक पार्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन है। यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे लाइन के पास है, जिससे माल की आवाजाही आसान होगी। अधिकारियों का कहना है कि बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी निवेशकों को आकर्षित करेगी। उद्योग विभाग के अनुसार, अगर निवेशकों की संख्या और बढ़ती है तो भविष्य में बिक्रम समेत पटना जिले के अन्य इलाकों में भी नए औद्योगिक पार्क बनाए जा सकते हैं। बख्तियारपुर में चौथा औद्योगिक पार्क बनने से पटना जिला बिहार के औद्योगिक नक्शे पर और मजबूत होगा।












Click it and Unblock the Notifications