Vibha Devi Son Death: विधायक विभा देवी के बेटे की सड़क हादसे में मौत, पेड़ से टकराई थार,परिवार में पसरा मातम
Vibha Devi Son Death: बिहार के नवादा जिले से एक दुखद खबर है। जहां जदयू विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव के छोटे बेटे अखिलेश कुमार यादव का गुरुवार देर रात सड़क हादसे में निधन हो गया। यह दुखद घटना उनके पैतृक गांव पथरा इंग्लिश स्थित आवास के पास हुई, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश अपने घर के पास थार चला रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अचानक अनियंत्रित हुई और एक पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के पश्चात् अखिलेश को बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे नवादा जिले में शोक व्याप्त हो गया।
छोटे बेटे अखिलेश की असामयिक मौत से विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव दोनों गहरे सदमे में हैं। ज्ञातव्य है कि राजबल्लभ यादव राजद सरकार में मंत्री रह चुके हैं; उन्हें नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में जेल भी हुई थी।
अखिलेश कुमार का पार्थिव शरीर अब पटना से उनके पैतृक गांव पथरा इंग्लिश लाया जा रहा है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं, वहीं सत्ता पक्ष व विपक्ष के कई नेता भी शोकसंतप्त परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications