Santosh Suman Manjhi Profile: कौन हैं संतोष सुमन मांझी,जिनके इस्तीफे से मची बिहार की सियासत में खलबली?
Santosh Suman Manjhi: हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के नेता संतोष सुमन मांझी ने बिहार कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि वो सीएम नीतीश कुमार से नाराज हैं।
Santosh Suman Manjhi Profile: हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के नेता संतोष सुमन मांझी ने मंगलवार को नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे देकर बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही जीतन मांझी ने 23 जून को होने वाली विपक्षी एकता की बैठक में शामिल होने से मना किया था और आज उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया।

आपको बता दें कि नीतीश सरकार में संतोष सुमन अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री का पद संभाल रहे थे और पिछले काफी वक्त से खबरें आ रही थीं कि वो एनडीए में शामिल हो सकते है, हालांकि संतोष सुमन मांझी ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा जरूर दिया लेकिन अब उनका आगे कदम क्या होगा इस के बारे में अभी कुछ भी साफ नहीं है।
चलिए एक नजर डालते हैं संतोष सुमन मांझी के अब तक के सफर पर
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बड़े बेटे संतोष सुमन मांझी का जन्म गया जिले के महकार गांव में 10 फरवरी 1975 को हुआ था। इन्होंने मगध विवि से राजनीति शास्त्र में साल 2003 में पीएचडी की थी। जबकि इससे पहले साल 2000 में वो यूजीसी की नेट परीक्षा पास कर चुके हैं।
नीतीश कैबिनेट में दो बार बने थे मंत्री
ये साल 2018 में पहली बार बिहार विधान परिषद के सदस्य बनाए गए थे। इसके बाद साल 2020 में ये नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनाए गए थे। उस वक्त इनके पास लघु सिंचई विभाग और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग था। इसके बाद जब नीतीश कुमार एनडीए से अलग होकर RJD, INC, CPI यानी की महागठबंधन के साथ सरकार बनाई थी तो मार्च में उनकी कैबिनेट का फिर से विस्तार से हुआ था, जिसमें से मांझी फिर से मंत्री बने थे लेकिन इस बार उनके पास केवल एक ही विभाग यानी अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्रालय था।
'अस्तित्व बचाने के लिए दिया इस्तीफा'
संतोष सुमन ने कहा कि नीतीश कुमार चाहते थे कि वो अपनी पार्टी उनके साथ मर्ज कर दें, वो लगातार हम पर इसका दवाब बना रहे थे। लेकिन हमें ये मंजूर नहीं था इसलिए हमने इस्तीफा दे दिया। हालांकि हमारे मन में उनके प्रति कोई नाराजगी नहीं है।
एनडीए में शामिल हो सकते हैं संतोष मांझी?
एनडीए में जाने के सवाल पर संतोष मांझी ने कहा कि 'अभी हम महागठबंधन में ही हैं, हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि हम उसी में रहें, लेकिन अगर सीट नहीं देंगे, तो देखेंगे, आगे जो कदम हम उठाएंगे वो सभी को पता ही चल जाएगा।'
नीतीश कुमार को झटका
नीतीश कुमार इस वक्त बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन को एक करने में जुटे हुए हैं। 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बड़ी बैठक बुलाई है , जिसमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव, केजरीवाल, ममता बनर्जी, स्टालिन समेत कई नामचीन नेता शामिल होने वाले हैं। ऐसे में आज संतोष मांझी का नीतीश कैबिनेट से त्याग पत्र देना बहुत बड़ा झटका है।
मेरे बेटे को सीएम बनाओ : जीतन राम मांझी
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले ही हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने जहानाबाद में गरीब संपर्क यात्रा के दौरान ने अपने बेटे संतोष को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि उनका बेटा बिहार के लिए बेहतरीन सीएम साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications