बिहारः प्रसव के दौरान दर्द से चीख रही थी महिला तो एएनएम ने कर दी पिटाई
जमुई। बिहार के जमुई जिले के खैरा प्रखंड के सरकारी अस्पताल में एक शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है, जहां अस्पताल में तैनात एक एएनएम का अमानवीय चेहरा सामने आया है। खैरा पीएचसी में बच्चे की डिलिवरी के लिए आई महिला के साथ एएनएम ने मारपीट की। एएनएम ने उस वक्त मारपीट की जब महिला प्रसव पीड़ा से चीख रही थी। इसके अलावा आरोपित एएनएम प्रसव करवाना छोड़ बाहर चली गई।

प्रसूता को एएनएम ने पीटा
हालांकि इस दौरान दूसरे स्वास्थ्यकर्मी ने प्रसव की प्रक्रिया को पूरा करवाया। एएनएम की पिटाई से महिला के चेहरे पर चोट लगी है। इस मामले में पीड़िता के पति ने अधिकारियों को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक खैरा इलाके के टिटहियां गांव के रहने वाले अरुण राय की पत्नी मुनिया देवी को प्रसव के लिए शुक्रवार सुबह अस्पताल ले जाया गया।

महिला का हाथ एएनएम की साड़ी पर लगा
प्रसव के दौरान महिला दर्द से चीख रही थी तभी महिला का हाथ गलती से एएनएम की साड़ी पर चला गया, जिससे आक्रोशित होकर एएनएम प्रेमलता ने प्रसव करवाना छोड़कर महिला की पिटाई कर दी और लेबर रूम में चली गई। वहीं, इस घटना की बारे में जानकारी मिलते ही अस्पताल में मौजूद दूसरा स्टाफ लेबर रूम में पहुंचा, जिसके बाद महिला ने किसी तरह तो बच्ची के जन्म दे दिया।

एएनएम ने जड़ें पांच थप्पड़
वहीं, एएनएम के दुर्व्यवहार और पिटाई के विरोध में पीड़िता के परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रभारी को शिकायत दी है। पीड़िता मुनिया देवी का कहना है कि अस्पताल के प्रसव कक्ष में जब वह दर्द से चीख रही थी तो उस दौरान ड्यूटी तैनात एएनएम प्रेमलता का साड़ी खींच दी, जिसके बाद एएनएम ने लगातार मुझे पांच थप्पड़ लगा दिए और प्रसव को बीच में ही छोड़ बाहर चली गई।

पीड़िता के पति ने की शिकायत
पीड़िता ने यह भी बताया कि फिर दूसरे कर्मी ने मेरा प्रसव कराया। मैं दर्द से कराह रही थी, तभी गलती से साड़ी खींच गई. एएनएम के चाटे से मेरे और बच्चे की जान जा सकती थी। पीड़िता के पति की शिकायत के आधार पर सिविल सर्जन विजयेंद्र सत्यार्थी ने बताया की खैरा प्रभारी को जांच कर इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications