पदभार संभालते ही ACS सीके अनिल का कड़ा निर्देश, शिक्षकों के कैजुअल कपड़ों पर लगाई रोक, और क्या बदला?
Bihar Teachers Dress Code: बिहार के सरकारी स्कूलों में काम करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। अब शिक्षक स्कूल में ड्यूटी के दौरान जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़े पहनकर नहीं आ सकेंगे। विभाग ने सभी टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को फॉर्मल कपड़े पहनने का आदेश दिया है। इसके साथ ही स्कूल परिसरों में डीजे, डिस्को डांस और दूसरी अनुचित गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूलों में अनुशासन और पढ़ाई का बेहतर माहौल बनाए रखना जरूरी है। अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शुक्रवार को पदभार संभालने के तुरंत बाद सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को यह निर्देश जारी किया। आदेश पूरे बिहार के सरकारी स्कूलों में लागू होगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।

जींस और टी-शर्ट पहनने पर रोक
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी ड्यूटी के दौरान फॉर्मल ड्रेस में ही स्कूल आएंगे। स्कूल परिसर में जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने जिले के स्कूलों में इस नियम का पालन सुनिश्चित कराएं। स्कूल प्रशासन को भी कर्मचारियों के व्यवहार और अनुशासन पर ध्यान रखने को कहा गया है।
DJ और डिस्को डांस पर भी सख्ती
नए निर्देश में स्कूल कैंपस में डीजे, डिस्को डांस और दूसरी अनुचित गतिविधियों के आयोजन पर भी रोक लगाई गई है। ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।
हालांकि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत से जुड़ी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं है। स्कूलों में संगीत और वाद्य यंत्रों का इस्तेमाल किया जा सकता है। एकेडमिक कैलेंडर के तहत होने वाले कार्यक्रम भी अनुशासन और निगरानी के साथ आयोजित होंगे।
पहले भी जारी हो चुके हैं आदेश
बिहार सरकार ने अक्टूबर 2024 में भी शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू किया था। उस आदेश में भी स्कूल परिसर में डिस्को डांस और अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी।
इसके बाद 2025 और 2026 की शुरुआत में भी ऐसे निर्देश जारी किए गए। हालांकि, बार-बार आदेश जारी होने के बावजूद स्कूलों में अनुशासन लागू करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। अब नए निर्देश का पालन कराने की जिम्मेदारी DEO और स्कूल अधिकारियों को सौंपी गई है।


Click it and Unblock the Notifications
