Bihar Exit Poll 2025: बिहार में किसकी बनेगी सरकार? कौन बनेगा मुख्यमंत्री? आज शाम खुल जाएगा सत्ता का राज
Bihar Exit Poll 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग मंगलवार (11 नवंबर) को जारी है। 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदाता अपनी सरकार चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। कुल 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता आज 1302 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद करेंगे। मतदान खत्म होते ही बिहार की सियासत पर सबसे ज्यादा निगाहें एग्जिट पोल (Exit Polls) पर टिकी हैं-जो बताएंगे कि जनता का रुझान किस तरफ झुका है और किसकी बनने जा रही है सरकार।
चुनाव आयोग ने 11 नवंबर की शाम 6:30 बजे तक किसी भी एग्जिट पोल या ओपिनियन पोल के प्रसारण पर रोक लगाई है। यानी शाम 6:30 बजे के बाद ही मीडिया चैनलों, वेबसाइट्स और ऐप्स पर एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू होंगे। इस बार भी टुडे चाणक्य, सी-वोटर, सीएसडीएस, एक्सिस माय इंडिया, जन की बात जैसी प्रमुख एजेंसियां अपने-अपने सर्वे जारी करेंगी। शाम ढलते ही हर चैनल बिहार की सत्ता के अनुमानित आंकड़े दिखाने लगेगा। अगर आप एक ही जगह सब एजेंसियों के नतीजे देखना चाहते हैं, तो 6:30 बजे के बाद न्यूज वेबसाइट्स और टीवी चैनलों पर नजर बनाए रखें।

Exit Poll 2025: क्या कहते हैं एग्जिट पोल और कैसे होते हैं तैयार?
एग्जिट पोल असल में मतदान के बाद मतदाताओं से की गई बातचीत पर आधारित अनुमान होते हैं। टीवी चैनल या निजी सर्वे एजेंसियां मतदान केंद्रों के बाहर हजारों लोगों से सवाल पूछती हैं, उन्होंने किस पार्टी को वोट दिया, क्यों दिया, और क्या उम्मीदें हैं। इन जवाबों का विश्लेषण कर जो आंकड़े निकलते हैं, वही एग्जिट पोल के रूप में जनता के सामने रखे जाते हैं। ध्यान रहे, इन नतीजों का प्रसारण मतदान खत्म होने के बाद ही किया जा सकता है, ताकि वोटिंग प्रक्रिया पर कोई असर न पड़े।
2020 के एग्जिट पोल कितने सही साबित हुए थे?
पिछले विधानसभा चुनाव 2020 के एग्जिट पोल ने जो तस्वीर दिखाई थी, वह नतीजों से बिल्कुल उलट निकली। लगभग सभी सर्वे एजेंसियों ने तब महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-लेफ्ट) को भारी बहुमत देने का अनुमान जताया था।
टुडेज चाणक्य और इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने महागठबंधन को 139 से 161 सीटें और एनडीए को 69 से 91 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। वहीं टाइम्स नाऊ-सीवोटर ने राजद-कांग्रेस गठबंधन को 120 और एनडीए को 116 सीटें मिलने की संभावना जताई थी। लेकिन जब असल नतीजे आए, तो सबकी भविष्यवाणियां गलत साबित हो गईं-एनडीए ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि महागठबंधन 110 सीटों पर सिमट गया। यानी एग्जिट पोल और रिजल्ट के बीच भारी अंतर देखने को मिला।
ओपिनियन पोल में NDA को बढ़त, लेकिन टक्कर कांटे की
बिहार चुनाव 2025 को लेकर जो शुरुआती ओपिनियन पोल और सर्वे सामने आए हैं, उनमें एनडीए की स्थिति मजबूत दिखाई दी है। कई सर्वे एजेंसियों का मानना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में जनता अभी भी विकास और स्थिरता के एजेंडे पर भरोसा कर रही है। ज्यादातर सर्वे में एनडीए को 130 से 150 सीटें, जबकि महागठबंधन को 90 से 110 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
हालांकि, यह भी साफ है कि मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नहीं है। सीमांचल और मगध जैसे इलाकों में RJD और कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। कई सीटों पर मुस्लिम और यादव वोटरों की निर्णायक भूमिका होगी।
आज शाम होगी साफ तस्वीर-'कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री?'
अब सबकी नजरें आज शाम 6:30 बजे के बाद आने वाले एग्जिट पोल पर हैं। क्या नीतीश कुमार दोबारा सत्ता में लौटेंगे या तेजस्वी यादव के लिए खुलेंगे सत्ता के दरवाजे? यह सवाल हर बिहारवासी के मन में है। फिलहाल माहौल उत्सुकता से भरा है, लेकिन आखिरी फैसला तो 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही तय होगा-जब असली नतीजे सामने आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications