तेज प्रताप यादव का बड़ा ऐलान, महुआ सीट से लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव, पापा लालू यादव की RJD को देंगे टक्कर
Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलने वाला है। जिसमें से बिहार की महुआ सीट भी शामिल होगी क्योंकि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े सुपुत्र तेज प्रताप यादव ने शनिवार को इस सीट को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्काषित किए गए तेज प्रताप यादव ने महुआ सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर बड़ा धमाका कर दिया है। यानी तेज प्रताप यादव अब अपने ही पिता और भाई की आरजेडी के भावी उम्मीदवार के खिलाफ महुआ सीट पर चुनाव लड़ेंगे।

शनिवार को मीडिया से बात करते हुए बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के सामने खुलासा किया कि वो महुआ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने टीम तेज प्रताप का गठन कर लिया है और 31 जुलाई को महुआ में बृहद चुनावी कार्यक्रम करेंगे।
तेज प्रताप बोले- नीतीश चाचा या अन्य किसी की नहीं बनेगी सरकार
तेज प्रताप यादव ने कहा, "टीम तेज प्रताप यादव" जनता तक पहुंचने के लिए एक प्लेटफॉर्म है। इस बार चाचा नीतीश कुमार की सरकार नहीं बनेगी, किसी भी पार्टी की सरकार नहीं बनेगी। अगर वह युवा, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य की बात करेगा तो तेजप्रताप याद पूरी ताकत से इस चुनाव में उसके साथ खड़ा रहेगा। हम महुआ से चुनाव लड़ेंगे, विरोधी बहुत हैं, उन्हें खुजली होने लगी है।"
तेज प्रताप का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब बिहार की राजनीति में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना और युवाओं को एक मंच प्रदान करना है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि तेज प्रताप का यह कदम न केवल RJD के लिए चुनौती बन सकता है, बल्कि महुआ सीट पर एक दिलचस्प मुकाबले की नींव भी रख सकता है।
"हमने महुआ के लिए काम किया है, तो चुनाव..."
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने पहले भी कहा था कि यदि आरजेडी उन्हें महुआ से टिकट नहीं देती है, तो वे महुआ से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा था, "हमने महुआ के लिए काम किया है, तो चुनाव भी महुआ से ही लड़ेंगे।"
महुआ को जिला बनाने का कर चुके हैं तेज प्रताप वादा
महुआ के प्रति अपने भावनात्मक लगाव को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "महुआ को हम जिला बनाएंगे, यह हमारी कर्मभूमि है। वहां की जनता कह रही है कि अगर राजद ने किसी और को टिकट दिया, तो हम उसे हरवा देंगे।"
कब होगा बिहार में विधानसभा चुनाव?
बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर और नवंबर 2025 के बीच होने की संभावना है, क्योंकि 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग ने 25 जून 2025 से मतदाता सूची में सुधार के लिए "Special Intensive Revision" (SIR) प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें घर-घर जाकर नामों की पुष्टि की जा रही है।
1 अगस्त 2025 को प्रारूप मतदाता सूची जारी होगी, और 30 सितंबर 2025 तक अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। त्योहारों, जैसे दिवाली (20 अक्टूबर) और छठ पूजा (28 अक्टूबर), को ध्यान में रखते हुए चुनाव संभवतः दो या तीन चरणों में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications