'वोट के लिए मोदी से नाचने के लिए कहेंगे, तो वह नाचेंगे', मुजफ्फरपुर की रैली में राहुल गांधी ने पीएम पर कसा तंज
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी महागठबंधन ने सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन पर हमले तेज कर दिए हैं। बुधवार को मुजफ्फरपुर के सकरा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रैली की और एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व के दौरान यमुना नदी के प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक विशेष तालाब बनाया गया था।"
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा' "वो यमुना नहीं है, वहां एक तालाब है। नरेंद्र मोदी अपने स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। मोदी का यमुना या छठ पूजा से कोई लेना-देना नहीं है।" राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को केवल वोट से मतलब है। उन्हें बस आपका वोट चाहिए अगर आप नरेंद्र मोदी से नाचने के लिए कहेंगे, तो वह नाचेंगे।"

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर चुनाव चुराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, "वे आपके वोट चुराने में लगे हैं। क्योंकि वे इस चुनाव रूपी बीमारी को खत्म करना चाहते हैं।" राहुल गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा, "मैं आपको बता रहा हूं, उन्होंने महाराष्ट्र में चुनाव चुराए, उन्होंने हरियाणा में चुनाव चुराए, और वे बिहार में भी पूरी कोशिश करेंगे।" राहुल गांधी ने भाजपा पर संविधान पर हमला करने का भी आरोप लगाया, "वोटों की चोरी बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान पर हमला है। हम संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
'दो हिंदुस्तान बन रहे हैं'
राहुल गांधी ने जनसभा में अपने संबोधन में देश में बढ़ती असमानता की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा, "दो हिंदुस्तान बन रहे हैं - एक हम जैसे गरीबों के लिए, और दूसरा अंबानी और अडानी सहित अमीरों के लिए।" उन्होंने छठ पूजा के दौरान प्रदूषित यमुना और मोदी के लिए बने विशेष तालाब का उदाहरण दिया
सकरा विधानसभा सीट
गौरतलब है कि बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित सकरा, एक अनुसूचित जाति (SC) आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है। यह क्षेत्र मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट का हिस्सा है। इस विधानसभा क्षेत्र की स्थापना वर्ष 1957 में की गई थी, और तब से अब तक यहां 16 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।
दुनिया के सबसे बड़ा विवि बिहार में बनवाने का किया वादा
बिहार के सकरा में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बिहार के गौरवशाली अतीत और नालंदा विश्वविद्यालय की उच्च स्थिति की सराहना की। उन्होंने कहा, "आपकी क्षमता अभी भी स्पष्ट है। राज्य के लोग दुबई, मॉरीशस, सेशेल्स और अमेरिका में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।" उन्होंने कहा हमारे गठबंधन की सरकार बनते ही बिहार में दुनिया की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी बनवाई जाएगी।
हम हर जाति-वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाली सरकार बनाएंगे
राहुल गांधी ने महागठबंधन की गारंटी देते हुए कहा, "हम एक ऐसी सरकार बनाएंगे जो बिहार में हर वर्ग, जाति और धर्म का प्रतिनिधित्व करेगी। हम किसी को पीछे नहीं छोड़ेंगे, चाहे वह ईबीसी, ओबीसी, दलित या सामान्य जाति हो। हम बिहार में सभी के लिए सरकार बनाएंगे।"
सस्ता डेटा के पीछे मोदी छिपा रहे ये बात
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी दूरसंचार क्षेत्र में एक ही व्यापारिक घराने के एकाधिकार को छिपा रहे हैं। गांधी ने दावा किया कि "मोदी लोगों को सस्ता डेटा उपलब्ध कराने का दावा करते हैं, लेकिन वह यह बात छिपाते हैं कि दूरसंचार क्षेत्र में एक व्यापारिक घराने को एकाधिकार दिया गया है।" उन्होंने नोटबंदी से अर्थव्यवस्था को हुए नुकसान पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
नीतीश सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही
सकरा में रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार पर 'रिमोट कंट्रोल' से चलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैं तेजस्वी यादव से सहमत हूं, जिन्होंने मुझसे पहले बात की थी, कि बिहार सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही है।" उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल कर रही है। गांधी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया, "नीतीश कुमार ने पिछले 20 सालों में बिहार के शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के लिए क्या किया है?"
कांग्रेस नेता ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर 'सामाजिक न्याय के खिलाफ' होने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष के दबाव के कारण ही मोदी सरकार जाति जनगणना पर सहमत हुई। उन्होंने बिहार में भाजपा पर महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह चुनाव और वोट चुराने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने बिहार के लोगों से राज्य के विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने सकरा में भीड़ से पूछा, "आपके प्रयासों ने पूरे भारत और विदेशों में शहरों का विकास किया है... आप बिहार में ऐसा क्यों नहीं कर सकते?" उन्होंने कहा कि वह ऐसा बिहार बनाना चाहते हैं जहां दूसरे राज्यों के लोग काम करने आएं।












Click it and Unblock the Notifications