Bihar Elections: दरौली विधायक राम सत्यदेव राम को नामांकन के बाद पुलिस ने किया अरेस्ट? क्या है पूरा मामला
Bihar Elections 2025: बिहार में दो चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नामांकन की प्रकिया जारी है। हर बार की तरह इस बार भी कई बाहुबली नेता चुनाव में अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया की रोचक बात ये है कि कई उम्मीदवारों ने पुलिस हिरासत में नामांकन किया। वहीं एक उम्मीदवार ऐसे भी हैं जिनको नामांकन करने के तुरंत बाद ही पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।
ये उम्मीदवार सिवान की दरौली विधानसभा क्षेत्र से CPI(ML) प्रत्याशी सत्यदेव राम हैं, जिन्होंने मंगलवार को सीवान समाहरणालय परिसर में नामांकन किया। नामांकन करने के तुरंत बाद ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिससे वो खुद ही हैरान हो गए। अरेस्ट किए जाने के बाद माले राज्य सचिव कुणाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे 'सरकार के इशारे पर की गई कार्रवाई' बताया है।

सत्यदेव राम को क्यों किया गया अरेस्ट?
दरअसल, माले प्रत्याशी सत्यदेव राम को पुलिस ने 2005 के एक रेल रोको आंदोलन से जुड़े मामले में सोनपुर रेलवे कोर्ट द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर हिरासत में लिया है। रेल थाने में दर्ज कांड संख्या 36/2005 में सोनपुर रेलवे कोर्ट के एसीजेएम ने उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।सोनपुर रेलवे कोर्ट के एसीजेएम ने इस प्रकरण में विधायक के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। विधायक सत्यदेव राम ने पत्रकारों से बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं थी।
CPI(ML) विधायक सत्यदेव राम ने कहा "मैं चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी जरूरी कागजातों के साथ नामांकन करने आया था। नामांकन कर बाहर निकलते ही पुलिस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया।"
CPI(ML)के छह उम्मीदवारों ने भरा नामांकन
मंगलवार को CPI(ML) के छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें पालीगंज से संदीप सौरभ, अरवल से महानंद सिंह, आरा से कयामुद्दीन अंसारी, दरौली से सत्यदेव राम, जीरादेई से अमरजीत कुशवाहा और दरौंदा से अमरनाथ यादव का नाम शामिल है।
जेल में बंद विकास कुमार ने भी किया नामांकन
मनेर विधानसभा सीट से दवा व्यवसायी हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद आरोपी विकास कुमार उर्फ डिकेश सिंह ने मंगलवार को पुलिस हिरासत में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। दानापुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचने पर उनके समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। विकास पहले भी मनेर से चुनाव लड़ चुके हैं और खुद को कोइरी, कुर्मी तथा वंचित वर्ग का प्रतिनिधि बताते हैं।
मोकामा सीट से बाहुबली अनंत सिंह ने भरा नामांकन
मोकामा सीट से बाहुबली नेता अनंत सिंह ने 14 अक्टूबर को नामांकन किया। वह सफेद रंग की थार गाड़ी में पहुंचे, जिसे धक्का लगाकर स्टार्ट करना पड़ा और फूलों से सजाया गया था। नामांकन से पहले उन्होंने लगभग 25,000 समर्थकों के लिए भोजन की व्यवस्था की, जिसमें सवा लाख गुलाब जामुन भी शामिल थे। अनंत सिंह ने 35 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया, जिसमें करीब 1,000 गाड़ियां शामिल थीं।












Click it and Unblock the Notifications