Bihar Election 2025: क्या अनुष्का बनेंगी तेज प्रताप यादव की राजनीति में हमसफर? 'नई पार्टी' पर क्या है अपडेट
Bihar Election 2025 (Tej Pratap Yadav): बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निकाले जाने के बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव अपनी नई राजनीतिक पार्टी की तैयारी में जुट गए हैं। उनके इस नए राजनीतिक अध्याय में एक और नाम तेजी से सुर्खियों में है -अनुष्का यादव। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या तेजप्रताप की इस नई सियासी शुरुआत में अनुष्का भी उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगी?
तेज प्रताप ने 18 जुलाई को शाम 5 बजे पत्रकारों को बुलाया था, जिससे यह उम्मीद जताई जा रही थी कि वे अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। लेकिन दो घंटे तक इंतजार करवाने के बाद भी वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं आए। इससे नई पार्टी को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।

तेज प्रताप लगातार कर रहे हैं रणनीति तैयार
RJD और परिवार से बाहर निकाले जाने के बाद तेज प्रताप पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर डटे हुए हैं और वहां समर्थकों के साथ लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। कुछ दिनों पहले एक जनसभा में तेज प्रताप याद को "टीम तेज प्रताप यादव" के झंडे के साथ देखा गया था। तब से ये चर्चा है कि हो सकता है कि तेज प्रताप की नई पार्टी का नाम "टीम तेज प्रताप यादव" हो, जो युवाओं, छात्रों और ग्रामीण वोटरों को टारगेट करेगी।
अनुष्का यादव की एंट्री पर चर्चा तेज
तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते को लेकर हाल के महीनों में कई अटकलें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि अनुष्का न सिर्फ तेज प्रताप की कथित प्रेमिका हैं बल्कि उनकी नई पार्टी में एक अहम भूमिका भी निभा सकती हैं। पार्टी के संगठन और प्रचार में अनुष्का की सक्रिय भागीदारी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अनुष्का या उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
तेज प्रताप और अनुष्का यादव: वायरल तस्वीर और पुराने रिश्तों की चर्चा
26 मई को तेज प्रताप और अनुष्का की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसके साथ दावा किया गया कि इनका रिश्ता 12 साल पुराना है। पहले तेज प्रताप ने कहा था कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था, लेकिन बाद में उन्होंने खुद ही कबूल किया कि उन्होंने वह तस्वीर पोस्ट की थी।
तेजप्र ताप यादव 30 जून को बाइक से अनुष्का यादव के घर पहुंचे थे। वे वहां लगभग 7 घंटे तक रुके। जब वे अनुष्का के घर से बाहर निकले, तो मीडिया ने उनसे सवाल किए। तेज प्रताप ने कहा, "यह एक पारिवारिक मुलाकात थी, मैं अक्सर लोगों से मिलता रहता हूं।"
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा, "अब कब घर ले जाएंगे?" तो तेज प्रताप ने इस सवाल को नजरअंदाज कर दिया और बिना जवाब दिए अपनी गाड़ी का दरवाजा बंद कर रवाना हो गए।
लालू परिवार से दरार, राजनीति में नया रास्ता
तेज प्रताप को RJD से छह साल के लिए निकाला गया है। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए और खुलकर अपनी नई राजनीतिक राह पर चलने का इरादा जताया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक तेज प्रताप की यह बगावत RJD के लिए खासकर हसनपुर और महुआ जैसे गढ़ों में मुश्किलें खड़ी कर सकती है। फिलहाल तेज प्रताप हसनपुर से विधायक हैं। 2015 से 2020 तक वे महुआ से भी विधायक रह चुके हैं।
तेज प्रताप की निजी जिंदगी पहले भी चर्चा में रही है। 2018 में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या राय से शादी की थी, लेकिन महज पांच महीने में तलाक की अर्जी दे दी थी।
RJD के लिए खतरे की घंटी?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर तेज प्रताप की नई पार्टी वजूद में आती है और अनुष्का भी इसमें शामिल होती हैं, तो यह RJD के लिए बड़ा सियासी झटका साबित हो सकता है। खासकर तब, जब NDA पहले से ही ग्रामीण इलाकों में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहा है। बिहार की राजनीति में तेज प्रताप और अनुष्का की जोड़ी नई बहस और संभावनाओं को जन्म दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications