Bihar Election: NDA की जीत पर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे या नहीं? राजनाथ सिंह कर दिया खुलासा, सस्पेंस खत्म
Bihar Election 2025 (NDA CM Face): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एनडीए (NDA) के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने साफ कर दिया है कि चुनाव के बाद भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ रहा है और स्वाभाविक रूप से जीत के बाद वही सरकार की कमान संभालेंगे।
"नीतीश ही होंगे मुख्यमंत्री, NDA को मिलेगी दो-तिहाई सीटें" -राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने न्यूज 18 को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि "एनडीए पूरी मजबूती से नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है। जनता का जो उत्साह हम देख रहे हैं, उससे साफ है कि हमें दो-तिहाई बहुमत मिलने वाला है।" उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आज भी विकास और स्थिरता चाहती है, जो नीतीश के शासन में संभव हुआ है।

राजनाथ सिंह के इस बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि एनडीए में सीएम पद को लेकर कोई विवाद नहीं है। नीतीश कुमार ही गठबंधन का चेहरा हैं और जीत के बाद वही मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे।
तेजस्वी के वादों पर हमला - "हर परिवार को सरकारी नौकरी, यह संभव नहीं"
राजनाथ सिंह ने तेजस्वी यादव के "हर परिवार को एक सरकारी नौकरी" वाले वादे को झूठा और अव्यवहारिक बताया। उन्होंने कहा, "हम रोजगार देने की बात जरूर करते हैं, लेकिन लोगों को आत्मनिर्भर बनाना हमारा लक्ष्य है, सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं देना।" उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी और नीतीश की सरकार ने बिहार में कानून व्यवस्था, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काफी सुधार किया है।
प्रशांत किशोर पर भी साधा निशाना - "जन सुराज को नहीं मिलेगी एक भी सीट"
रक्षा मंत्री ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को चुनावी समीकरण में "शून्य फैक्टर" बताया। उन्होंने कहा कि, "जन सुराज पार्टी कोई असर डालने वाली नहीं है। लोग जानते हैं कि कौन सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रहा है और कौन वोट काटने के लिए।" राजनाथ सिंह ने दावा किया कि जन सुराज एक भी सीट नहीं जीत पाएगी।
बीजेपी अध्यक्ष और आरएसएस पर भी दिया बयान
राजनाथ सिंह ने यह भी बताया कि बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार चुनाव के बाद घोषित किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि आरएसएस (RSS) पार्टी के राजनीतिक निर्णयों में हस्तक्षेप नहीं करता। उन्होंने कहा, "संघ हमारा वैचारिक मार्गदर्शक है, लेकिन राजनीति में उसका कोई दखल नहीं है।''
कौन होगा NDA का उप-मुख्यमंत्री?
पहले चरण की वोटिंग में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी पर राजनाथ सिंह ने कहा कि महिलाएं नीतीश के शासन पर भरोसा करती हैं, क्योंकि उनके शासन में कानून-व्यवस्था बेहतर रही है। उपमुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा और लोजपा (रामविलास) के बीच किसी भी निर्णय पर आम सहमति से फैसला होगा।












Click it and Unblock the Notifications