नीतीश के ये 5 मंत्री हैं अथाह संपत्ति के मालिक, किसी के पास करोड़ों का फ्लैट, किसी की पत्नी निकली अमीर
Bihar Minister Net Worth 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नेताओं ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। इसके साथ ही सामने आए चुनावी हलफनामों ने सबका ध्यान खींच लिया है। नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में कई ऐसे मंत्री हैं जिनकी संपत्ति करोड़ों में है। किसी के पास लाखों का बैंक बैलेंस है तो किसी की पत्नी उनसे भी ज्यादा अमीर निकली हैं।
किसी के पास करोड़ों की जमीन, कीमती गहने और लाखों की गाड़ियां हैं। वहीं, कई मंत्रियों पर बैंक का कर्ज और मुकदमे भी दर्ज हैं। लेकिन जो बात सबसे हैरान करने वाली है, वो ये कि बिहार के "जनसेवक" अब करोड़ों की संपत्ति के मालिक बन चुके हैं। आइए जानते हैं, नीतीश सरकार के उन 5 मंत्रियों की संपत्ति का पूरा ब्योरा, जिनके हलफनामे ने लोगों को चौंका दिया है।

1. मंत्री विजय चौधरी - पत्नी निकलीं ज्यादा अमीर
बिहार सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले विजय कुमार चौधरी से ज्यादा अमीर उनकी पत्नी गंगा चौधरी हैं। सरायरंजन विधानसभा से नामांकन करने वाले 68 वर्षीय मंत्री के पास सिर्फ 75 हजार रुपये नकद हैं। बैंक में लगभग 15 लाख रुपये हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास ढाई लाख रुपये नकद और दो बैंक खातों में करीब 12.5 लाख रुपये हैं।
विजय चौधरी निवेश के भी शौकीन हैं। उन्होंने 77 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश किया है, वहीं पत्नी ने भी UTI, ICICI और बिरला पॉलिसी में लाखों रुपये का निवेश कर रखा है। मंत्री के पास 60 हजार रुपये की पुरानी मारुति अल्टो है और करीब 10 ग्राम सोना। वहीं उनकी पत्नी के पास 240 ग्राम सोना यानी लगभग 27 लाख रुपये के गहने हैं। कुल मिलाकर, मंत्री के पास 1.09 करोड़ रुपये की संपत्ति है और पत्नी के पास 43 लाख से अधिक। पटना और गांव दोनों जगह पर इनके पास करोड़ों की जमीन और फ्लैट हैं।
2. जीवेश मिश्रा -10 करोड़ के मालिक
नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा के पास करीब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। जाले से चुनाव लड़ रहे जीवेश मिश्रा के पास 3 हजार नकद, 66 लाख रुपये बैंक बैलेंस, और 3 करोड़ की जमीन है। उनके पास 15 लाख का वाहन और 10 लाख का सोना है।
पत्नी के पास 2 करोड़ रुपये बैंक में, 38 लाख का वाहन और 11 लाख का सोना है। दोनों के नाम पर दरभंगा और आसपास 6 करोड़ रुपये की जमीन दर्ज है। इन पर लगभग 1 करोड़ का लोन भी है। मिश्रा दंपति के हलफनामे ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है क्योंकि इनकी संपत्ति 2020 की तुलना में कई गुना बढ़ी है।
3. संजय सरावगी -सोना, शेयर और करोड़ों की जमीन
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी बिहार के सबसे अमीर मंत्रियों में शुमार हैं। उनके पास कुल 10 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। उनके पास 59 लाख नकद, 28 लाख बैंक बैलेंस, और 60 लाख पोस्ट ऑफिस में निवेश है।
उनकी पत्नी भी पीछे नहीं हैं, उन्होंने 72 लाख शेयर में निवेश, 11 लाख पोस्ट ऑफिस में, और 43 लाख का सोना रखा है। सरावगी परिवार के पास कई लग्जरी गाड़ियां, 1 लाख का कंप्यूटर, और 40 लाख के हथियार तक हैं। हालांकि उनके ऊपर तीन मामले दर्ज हैं और करीब 76 लाख रुपये की देनदारी है।
4. मदन सहनी -3 करोड़ की संपत्ति, 80 लाख का कर्ज
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी भी करोड़पति मंत्रियों की लिस्ट में शामिल हैं। उनके पास कुल 3 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनके पास 80 हजार नकद, 9 लाख बैंक बैलेंस, और 40 लाख रुपये का वाहन है। उनकी पत्नी के पास 75 हजार नकद, 1.22 लाख बैंक में, और 3 लाख का सोना है।
दोनों के पास 2 करोड़ रुपये की कृषि और वाणिज्यिक भूमि है, हालांकि उन पर 80 लाख रुपये का बैंक कर्ज है। मदन सहनी के खिलाफ एक आपराधिक मामला भी दर्ज है। दिलचस्प यह है कि 2020 में उनकी संपत्ति 84 लाख थी, यानी पांच साल में तीन गुना बढ़ोतरी हुई।
5. रेणु देवी -पूर्व डिप्टी सीएम और करोड़ों की मालकिन
पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी, जो राज्य की पूर्व उपमुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं, के पास 7.83 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उन्होंने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पति के नाम से कोलकाता में फ्लैट है।
इसके अलावा पटना और बेतिया में मकान और जमीन है, जिसकी कुल कीमत करोड़ों में है। बैंकों से उन पर 5.46 लाख रुपये का कर्ज है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23.66 लाख रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया, जबकि 2021-22 में यह 14 लाख था। यानी उनकी सालाना आय में भी तेज़ी आई है।












Click it and Unblock the Notifications