Bihar Election 2025: महुआ से चुनाव लड़ेंगे तेजप्रताप यादव, जनशक्ति जनता दल ने 21 उम्मीदवारों की जारी की लिस्ट
Janshakti Janata dal candidate list 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासत में बड़ा धमाका हुआ है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम खुद तेजप्रताप का है, जिन्होंने ऐलान किया है कि वे महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
जनशक्ति जनता दल की पहली उम्मीदवार सूची में कई नए और युवा चेहरों को जगह दी गई है। पार्टी ने इस लिस्ट में 2 महिला उम्मीदवारों को भी टिकट देकर महिला प्रतिनिधित्व पर जोर दिया है।

महुआ सीट पर होगा दिलचस्प मुकाबला
फिलहाल महुआ विधानसभा सीट पर आरजेडी के मुकेश कुमार विधायक हैं। उन्होंने 2020 के चुनाव में जेडीयू की आशमा परवीन को 13,687 वोटों से हराया था। दिलचस्प बात यह है कि तेजप्रताप इस समय हसनपुर सीट से विधायक हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने पुराने गढ़ महुआ में वापसी करने का फैसला लिया है।
तेजप्रताप का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब हाल ही में उन्हें आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। आरजेडी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन पर कार्रवाई की थी। अब तेजप्रताप का नया कदम साफ इशारा करता है कि वे अपने राजनीतिक भविष्य की राह खुद तय करने की तैयारी में हैं।
तेजप्रताप यादव का सियासी दांव: 21 में से 10 सीटों पर RJD के सिटिंग विधायक, अपने ही घर को दी चुनौती
तेजप्रताप यादव की नई पार्टी जनशक्ति जनता दल ने विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। खास बात यह है कि इनमें से 10 सीटें ऐसी हैं, जिन पर वर्तमान में आरजेडी के विधायक हैं। इनमें महुआ, सीतामढ़ी, शाहपुर, बख्तियारपुर, जगदीशपुर, अतरी, मनेर, महनार और बनियापुर जैसी अहम सीटें शामिल हैं। यानी तेजप्रताप ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव और भाई तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी को सीधे तौर पर चुनौती देने का इशारा दे दिया है।
महागठबंधन को भी झटका
तेजप्रताप यादव ने सिर्फ आरजेडी ही नहीं, बल्कि पूरे महागठबंधन के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की है। पार्टी ने माले की सिटिंग सीट डुमराव से भी अपना उम्मीदवार उतारा है, जहां फिलहाल अजीत कुमार सिंह विधायक हैं। वहीं कांग्रेस की दो सिटिंग सीटों हिसुआ और विक्रमगंज पर भी जनशक्ति जनता दल ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। तेजप्रताप का यह कदम स्पष्ट करता है कि वे बिहार की राजनीति में नई समीकरण गढ़ने के मूड में हैं।
जनशक्ति जनता दल के 21 उम्मीदवारों की लिस्ट यहां देखें
- 1.तेजप्रताप यादव: महुआ
- 2.विकास कुमार कवि: बेलसन
- 3.मदन यादव: शाहपुर
- 4.डॉ. गुलशन यादव: बख्तियारपुर
- 5.अजीत कुशवाहा: बिक्रमगंज
- 6. नीरज राय: जगदीशपुर
- 7.अविनाश: अत्री
- 8प्रेम कुमार: वजीरगंज
- 9अवध किशोर झा: बेनीपुर
- 10. शंकर यादव: मनेर
- 11.दिनेश कुमार सूर्या: दुमाओ
- 12.आशुतोष: गोबिंदगंज
- 13.मीनू कुमारी :पटना साहिब
- 14.संजय यादव: माधेपुरा
- 15. तौरीफ रहमान: नरकटियागंज
- 16. धर्मेन्द्र क्रांतिकारी: बरौली
- 17. ब्रज बिहारी भट्ट: कुचायकोट
- 18. रवि राज कुमार: हिसुआ
- 19. जय सिंह राठी: महनार
- 20. पुष्पा कुमारी: बनियापुर
- 21. सुरभि यादव: मोहिउद्दीन नगर


बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में तेजप्रताप का नया राजनीतिक दांव पूरे राज्य की राजनीति में हलचल मचा सकता है। महुआ सीट से दोबारा मैदान में उतरकर वे न सिर्फ अपनी साख बचाने की कोशिश करेंगे, बल्कि यह भी साबित करना चाहेंगे कि 'लालू का बेटा' अब खुद की राजनीतिक ताकत है।












Click it and Unblock the Notifications