Bihar Chunav Date: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का कब होगा ऐलान? पटना पहुंची चुनाव आयोग की टीम
Bihar Election 2025 Date And Time: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर चुकी हैं। चुनावी सरगर्मी के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है -चुनाव आयोग की 9 सदस्यीय टीम गुरुवार 26 जून 2025 को पटना पहुंच चुकी है। इस दौरे को चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले की अहम कड़ी माना जा रहा है। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है। ऐसे में संभावना है कि चुनाव अक्टूबर-नवंबर में कराए जाएंगे और चुनाव आयोग अक्टूबर के पहले हफ्ते में तारीखों की घोषणा कर सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग की यह टीम आगामी चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत करने के लिए बिहार आई है। इसका मकसद राज्य में चुनाव कराने के लिए लॉजिस्टिक, सुरक्षा, मतदाता सूची, बूथ व्यवस्था और अन्य जमीनी पहलुओं की जांच करना है।

Bihar Elections 2025 schedule: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 तारीखों का ऐलान कब होगा?
हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों को लेकर कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है लेकिन माना जा रहा है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में तारीखों का ऐलान संभव है। बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, इसलिए चुनाव अक्टूबर-नवंबर के बीच कराए जाने की पूरी संभावना है।
सूत्रों की मानें तो आमतौर पर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के एक हफ्ते के भीतर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी जाती है। नवभारत टाइम्स के मुताबिक आयोग से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "अभी तक यह प्रक्रिया रही है कि सूची के अंतिम प्रकाशन के एक हफ्ते के भीतर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी जाती है।" इसका मतलब यह है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।
चुनाव आयोग की टीम का बिहार आना इस बात का साफ संकेत है कि अब चुनावी बिगुल बजने ही वाला है। अगले कुछ हफ्तों में चुनावी तारीखों का ऐलान होते ही प्रदेश की सियासी हलचल और तेज हो जाएगी। फिलहाल, सभी निगाहें आयोग की रिपोर्ट और संभावित घोषणा पर टिकी हैं।
243 सीटों पर होने हैं चुनाव
बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने जा रहा है क्योंकि सत्ता में बैठा एनडीए गठबंधन, विपक्षी INDIA ब्लॉक यानी महागठबंधन, और पहली बार चुनावी मैदान में उतर रही प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी -सभी अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम कर रहे हैं।
क्या देखेगी आयोग की टीम?
- पटना आई चुनाव आयोग की टीम कई बिंदुओं पर फोकस करेगी:
- चुनावी तैयारियों की ग्राउंड रिपोर्ट
- राज्य के डीएम और एसपी से फीडबैक
- संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों की सूची
- सुरक्षा बलों की ज़रूरत
- मतदाता सूची की स्थिति
- EVM और VVPAT की उपलब्धता
- इस समीक्षा के बाद आयोग दिल्ली लौटकर फाइनल रिपोर्ट तैयार करेगा और उसी आधार पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
'डोर टू डोर वेरिफिकेशन' करा रही है चुनाव आयोग
बिहार चुनाव 2025 को लेकर 24 जून को चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों से जुड़ा एक बड़ा अपडेट साझा किया, जिसमें बिहार में चुनाव की संभावित समयसीमा का संकेत दिया गया है।
चुनाव आयोग ने घोषणा की कि वह बिहार में "मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण" शुरू करेगा और सभी पात्र नागरिकों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए "घर-घर जाकर वेरिफिकेशन" करेगा।
आयोग ने कहा कि यह प्रक्रिया 25 जून से शुरू हुई है। इसमें कहा गया है कि 1 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा और 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
चुनाव आयोग ने 4 महीने का कार्यक्रम घोषित किया
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कैलेंडर के मुताबिक
- 25 जून से 26 जुलाई, 2025 तक: बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों में मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने या संशोधित करने से संबंधित आवेदन स्वीकार करेंगे।
- 27 जुलाई से 31 जुलाई तक: प्राप्त प्रपत्रों के आधार पर मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा।
- 1 अगस्त, 2025: इसके आधार पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।
- 1 अगस्त से 1 सितंबर, 2025 तक: प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर दावे और आपत्तियां ली जाएंगी।
- 25 सितंबर तक: दावे और आपत्तियों का निपटारा निर्वाचन पंजीयक अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
- 30 सितंबर, 2025: दावे और आपत्तियों का निपटारा करने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications