बिहार चुनाव से पहले 'बीड़ी-सिगरेट' की राजनीति शुरू! बिहारियों पर कांग्रेस ने ऐसा क्या कहा, जिसपर मच गया बवाल
Bihar Election 2025 (Congress On Bihar, Bidis Sparks Row): बिहार चुनावी माहौल में कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल, हाल ही में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बदलाव किया है, जिसके तहत बीड़ी पर टैक्स कम कर दिया गया और सिगरेट को 40% वाले सिन टैक्स में लाया गया है। अब-तक बीड़ी पर 28% GST लगता था, जिसे घटाकर 18% कर दिया गया है। जिसके बाद से बिहार में 'बीड़ी-सिगरेट' को लेकर राजनीति शुरू हो गई है।
पहले सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि बिहार की वजह से बीड़ी के टैक्स को कम कर दिया गया है। जिसके बाद अब इसी वजह से बीड़ी पर टिप्पणी करते हुए केरल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से लिखा-"बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।" यह पोस्ट सामने आते ही बिहार की राजनीति में हलचल मच गई।

बीजेपी और जेडीयू का कांग्रेस पर हमला
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पोस्ट को बिहारियों का खुला अपमान करार दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही बिहार और बिहारियों को नीचा दिखाने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गरीब और मेहनतकश लोगों का अपमान करने से बाज नहीं आती।
वहीं जेडीयू सांसद संजय झा ने भी कांग्रेस को करारा जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा-"B से बीड़ी ही नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस के पास नहीं है।" उन्होंने आगे कांग्रेस को याद दिलाया कि बिहार की धरती ने न केवल भगवान बुद्ध को ज्ञान दिया, बल्कि गांधी जी को भी राष्ट्रपिता बनाया और संपूर्ण क्रांति का बिगुल यहीं से फूंका गया।
'बिहारियों का अपमान करने में कांग्रेस को आनंद आता है'
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने इसे दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बिहार का अपमान करना, भारत की आत्मा को ठेस पहुंचाने जैसा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कांग्रेस के "चाल-चरित्र" पर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस की मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है। ये सिर्फ बिहारियों का अपमान कर सकते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तो राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आरजेडी के नेता जानबूझकर बिहारियों का अपमान करते हैं और इसमें उन्हें आनंद आता है।
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने केरल कांग्रेस के 'बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहारी' वाले ट्वीट पर कहा, "कांग्रेस पार्टी के मन में बिहारी लोगों के प्रति क्या भाव है, इसी से समझ आता है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और उनके मन में बिहार जैसे इतने बड़े राज्य के लोगों के प्रति इस तरह की ईर्ष्या और घृणा की भावना हैक्योंकि बीड़ी में GST घटा दिया गया तो 'बी से बिहारी और बी से बीड़ी' हो गया? इससे समझ आता है कि उनके मन में कितनी घृणा है। हम पीछे रह गए हैं और यह बात सत्य भी है लेकिन आने वाले 5 साल में हम किसी भी राज्य से पीछे नहीं रहेंगे।"
'बिहार की तुलना बीड़ी से-क्या तेजस्वी यादव इसका समर्थन करते हैं'
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ''कांग्रेस ने फिर हद पार कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के बाद अब बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही हैं! क्या तेजस्वी यादव इसका समर्थन करते हैं? रेवंत रेड्डी से लेकर डीएमके और कांग्रेस तक-बिहार के प्रति उनकी नफरत साफ दिखाई देती है।''
कांग्रेस बैकफुट पर, पोस्ट करना पड़ा डिलीट
लगातार आलोचना और विरोध के बाद केरल कांग्रेस ने विवादित पोस्ट को अपने आधिकारिक अकाउंट से हटा दिया। लेकिन तब तक यह मुद्दा बिहार की राजनीति में बड़ा हथियार बन चुका था। बीजेपी और एनडीए इसे जनता की भावनाओं से जोड़कर भुनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी विवादों में रही बिहार कांग्रेस
यह पहला मौका नहीं है, जब कांग्रेस बिहार में इस तरह के विवाद में घिरी हो। हाल ही में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अपशब्द कहे गए थे, जिस पर बीजेपी ने कड़ा विरोध किया था और बिहार बंद का आह्वान भी किया था। अब "बीड़ी-बिहार" विवाद ने एक बार फिर कांग्रेस को रक्षात्मक स्थिति में ला दिया है।
बिहार विधानसभा चुनावों से पहले यह विवाद कांग्रेस के लिए बड़ा सिरदर्द बन सकता है। विपक्ष इसे "बिहारी अस्मिता" पर हमला बताकर लगातार हवा दे रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस इस संकट से कैसे उबरती है और बिहार की जनता इस विवाद को किस रूप में लेती है।












Click it and Unblock the Notifications