Bihar Election से पहले राज्य में बढ़ी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए CAPF कंपनियां तैनात
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly election 2025) का बिगुल बजते ही राज्य में सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य में 500 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां तैनात की गई हैं।
यह तैनाती चुनावों के दौरान शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चरणबद्ध योजना का हिस्सा है। बता दें कि बिहार में मतदान 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होना है जिसका रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा।

क्यों हुई CAPF की तैनाती?
सूत्रों ने बताया कि पूरे चुनावी प्रक्रिया में बिहार में तैनात CAPF कंपनियों की संख्या 1,200 से 1,800 के बीच हो सकती है। बिहार सरकार ने 1,800 कंपनियों की तैनाती का अनुरोध किया है, ताकि राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। हालांकि, गृह मंत्रालय (MHA) ने अभी तक अंतिम संख्या तय नहीं की है।
केंद्रीय बलों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य स्थानीय पुलिस की मदद करना और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखना है। CAPF इकाइयों को क्षेत्रीय प्रभुत्व स्थापित करने, फ्लैग मार्च और मतदाताओं में विश्वास पैदा करने जैसे कार्य सौंपे गए हैं।
CAPF में कौन-कौन सी इकाइयां शामिल हैं?
इन 500 कंपनियों में लगभग 121 कंपनियां केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) की हैं और लगभग 400 कंपनियां सीमा सुरक्षा बल (BSF) की हैं। इसके अलावा, इसमें इंडो-तिब्बती बॉर्डर पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टुकड़ियां भी शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने कहा कि कंपनियों का चयन पूरे भारत के विभिन्न बटालियनों से उपलब्धता के आधार पर किया जा रहा है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। मतदान के बाद मतगणना और परिणाम 14 नवंबर को घोषित होंगे। केंद्रीय बलों की तैनाती से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ेगी और मतदाताओं के लिए शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित होगा।












Click it and Unblock the Notifications