बिहार के मंत्री अशोक चौधरी और सांसद बेटी शांभवी के पास कितनी संपत्ति, PK का दावा- 200cr तो 2 साल में बना लिए
Prashant Kishor On Ashok Choudhary: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य की राजनीति में एक बार फिर बवाल मच गया है। जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर (PK) ने इस बार सीधा वार किया है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और जेडीयू के कद्दावर मंत्री अशोक चौधरी पर। प्रशांत किशोर का आरोप है कि चौधरी परिवार ने सिर्फ दो साल में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति खड़ी कर ली है।
बिहार की सियासत में नेताओं की संपत्ति हमेशा चर्चा का विषय रही है। इस बार पीके ने अशोक चौधरी और उनकी बेटी शांभवी को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि प्रशांत किशोर ने क्या-क्या आरोप लगाए हैं और जिनपर आरोप लगे हैं उनकी संपत्ति कितनी है।

पीके का बड़ा आरोप -सांसद बेटी, दामाद और समधन तक लिप्त
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए 19 सितंबर को प्रशांत किशोर ने दावा किया कि अशोक चौधरी ने न सिर्फ खुद, बल्कि उनकी सांसद बेटी शांभवी चौधरी, दामाद सायन कुणाल और समधन अनिता कुणाल के नाम पर भी करोड़ों की जमीनें खरीदी हैं। पीके के मुताबिक, शांभवी की सगाई और शादी के बीच ही पटना में करीब 38 करोड़ रुपये की पांच जमीनें खरीदी गईं। इन जमीनों का मालिकाना हक अशोक चौधरी की पत्नी, दामाद और समधन के नाम पर दिखाया गया है।
ट्रस्ट के जरिए करोड़ों की जमीन खरीदने का आरोप
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि "मानव वैभव विकास ट्रस्ट" नामक संस्था के जरिए चौधरी परिवार ने जमीनों में भारी निवेश किया है। इस ट्रस्ट की ट्रस्टी और ट्रेजरर शांभवी की सास अनिता कुणाल हैं।
पीके का सवाल है कि जिस ट्रस्ट के पास पहले एक करोड़ की जमीन खरीदने तक की क्षमता नहीं थी, उसने अचानक करोड़ों की जमीन कैसे खरीद ली? और इसका पैसा आखिर कहां से आया?

बेनामी संपत्ति का मामला भी उठाया
पीके ने चौधरी पर बेनामी संपत्ति का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री ने अपने पूर्व पीए योगेंद्र दत्त के नाम पर 2019 में 34 लाख की जमीन खरीदी। बाद में यही जमीन 2021 में शांभवी चौधरी के नाम पर लिखवा दी गई।
उन्होंने दावा किया कि 34 लाख की जमीन का पूरा भुगतान उसी समय नहीं किया गया, बल्कि आयकर विभाग के नोटिस के बाद 2025 में बाकी रकम चुकाई गई। पीके ने कटाक्ष करते हुए कहा , "अशोक चौधरी खुद को महादेव का भक्त बताते हैं, लेकिन असल में वो लक्ष्मी के भक्त हैं।"
Ashok Choudhary Net Worth: अशोक चौधरी की घोषित संपत्ति
माईनेता डॉट कॉम के आंकड़ों के मुताबिक अशोक चौधरी ने हलफनामे में अपनी घोषित संपत्ति 72 लाख रुपये बताई है। उन पर 2 लाख रुपये की देनदारी है। उनके पास 5 लाख रुपये नकद और करीब 18 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी है।
इसके अलावा उनके पास करीब 32 लाख रुपये का सोना भी दर्ज है। अशोक चौधरी के कार की कीमत 9 लाख रुपये है। 2009 में अशोक चौधरी ने स्कॉर्पियो महिंद्रा खरीदी थी।

Shambhavi Choudhary Net Worth: शांभवी चौधरी की घोषित संपत्ति
समस्तीपुर से सांसद शांभवी चौधरी की कुल संपत्ति (चल और अचल) 4 करोड़ रुपये की है। इसमें से कुल चल संपत्ति एक करोड़ 24 लाख रुपये की है।
शांभवी चौधरी के पास पटना के विक्रम इलाके में कुल 76.2 डिसमिल जमीन है। वे 1129 ग्राम सोने की मालकिन हैं। पटना स्थित एक बैंक खाते में शांभवी चौधरी के पास 12 लाख 49 हजार रुपये जमा हैं, जबकि समस्तीपुर के एक अन्य बैंक खाते में करीब 20 लाख 5 हजार रुपये रखे गए हैं।
उनके नाम पर 5 लाख 72 हजार रुपये की एलआईसी पॉलिसी भी दर्ज है। कुल मिलाकर उनकी चल संपत्ति का मूल्य लगभग 1 करोड़ 24 लाख रुपये बताया गया है।
पहले भी प्रशांत किशोर लगा चुके हैं शांभवी चौधरी पर बड़ा आरोप
गौरतलब है कि अशोक चौधरी पर यह कोई पहला हमला नहीं है। जून में उन्होंने पीके पर मानहानि का केस किया था, जब पीके ने आरोप लगाया था कि चौधरी ने अपनी बेटी के लिए लोकसभा टिकट पैसे देकर खरीदा। पीके का यह भी कहना है कि नीतीश कुमार सरकार में अशोक चौधरी "सबसे भ्रष्ट नेता" हैं और वो नीतीश के "दाहिने हाथ" बन चुके हैं।
प्रशांत किशोर का दावा है कि उनके पास जमीनों की खरीद से जुड़े सारे कागजात मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने माना कि उनके पास ट्रस्ट के खिलाफ सीधा सबूत नहीं है, लेकिन लेन-देन और पैसों की ट्रेल साफ तौर पर चौधरी परिवार से जुड़ती दिखती है।












Click it and Unblock the Notifications