Bihar Election: चुनाव में आजम खान की एंट्री! SP के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शिवपाल गायब, ये बड़े नाम शामिल
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव(Bihar Assembly Election 2025)) के दूसरे चरण से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार, 24 अक्टूबर को अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव आजम खान का नाम शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि अगर आजम खान बिहार में प्रचार अभियान में हिस्सा लेते हैं, तो यह उनका जेल से रिहाई के बाद पहला बड़ा राजनीतिक अभियान होगा।

जेल से बाहर आने के बाद आजम की पहली सियासी पारी
आजम खान को पिछले महीने सीतापुर जेल से ज़मानत मिलने के बाद रिहा किया गया था। वे लगभग दो साल से अधिक समय तक जेल में बंद थे। उन्हें "क्वालिटी बार लैंड केस" में जेल जाना पड़ा था। ऐसे में बिहार चुनाव में उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल होना न सिर्फ सपा के लिए बल्कि पूरे INDIA गठबंधन के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आजम खान अगर बिहार में प्रचार करते हैं, तो वह गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभाएं कर सकते हैं। यह सपा की रणनीति का हिस्सा है ताकि बिहार में अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट किया जा सके।
अखिलेश के चाचा शिवपाल और रामगोपाल बाहर
इस सूची में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दोनों चाचा-शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव-के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। दोनों नेता कभी सपा संगठन की अहम कड़ी माने जाते थे। राजनीतिक गलियारों में यह कदम अखिलेश की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे संकेत मिलता है कि सपा बिहार में गठबंधन की राजनीति को लेकर नई टीम और नए चेहरों पर भरोसा दिखा रही है।
इन नेताओं को भी मिला जगह
सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में कई वरिष्ठ और चर्चित नाम शामिल हैं-डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, अवधेश प्रसाद, बाबू सिंह कुशवाहा, नरेश उत्तम पटेल, रामाशंकर राजभर, लालजी वर्मा, छोटेलाल खरवार, राजीव राय, सनातन पांडे, इकरा हसन, प्रिया सरोज, और लक्ष्मीकांत (पप्पू) निषाद। इसके अलावा, पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमॉय नंदा, विधायक तेज प्रताप सिंह यादव, विधायक ओमप्रकाश सिंह, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी को भी प्रचार अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अखिलेश यादव ने तेजस्वी पर जताया भरोसा
शुक्रवार को अजमेर के किशनगढ़ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने बिहार में INDIA गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा, "मैं बिहार के सभी INDIA गठबंधन नेताओं को बधाई देता हूं जिन्होंने मिलकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुना। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता इस बार उन्हें मौका देगी।"
बिहार चुनाव की दो चरणों में होगी वोटिंग
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में-6 नवंबर और 11 नवंबर-को होगा। जबकि गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। इस बीच सपा की ओर से स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी होने के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी बिहार में INDIA गठबंधन के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications