'सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा', डिप्टी CM को मिली जान से मारने की धमकी, लगातार हिट लिस्ट में बिहार के नेता
Samrat Choudhary (Bihar Assembly Election 2025): बिहार विधानसभा आगामी चुनाव से पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी एक अज्ञात नंबर से भेजे गए मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें लिखा गया है, "हैलो सर, मैं सम्राट चौधरी को 24 घंटे के अंदर गोली मार दूंगा। यह मैं सच कह रहा हूं।" ये धमकी एक अज्ञात नंबर से उनके कार्यकर्ता के वॉट्सऐप पर 26 जुलाई की देर रात भेजी गई।
सम्राट चौधरी के समर्थक के फोन पर जैसे ही ये धमकी भरा फोन कॉल आया, वो घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और धमकी भेजने वाले के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। जब सम्राट चौधरी से धमकी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''चलिए, जिसको जो करना है, करने दीजिए। बिहार की जनता जानती है कि हम लोग विकास के लिए लगे हैं और आगे भी लगे रहेंगे।''

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
जैसे ही पुलिस को जानकारी दी गई, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अभी तक संदेश भेजने वाले की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन तकनीकी टीम उसकी लोकेशन और डिवाइस की तलाश में जुटी है।
सम्राट चौधरी को दी गई जान से मारने की धमकी मोबाइल नंबर 6367263657 से भेजी गई थी। जब इस नंबर को Truecaller ऐप पर सर्च किया गया, तो वहां इसका यूज़र नेम विक्रम यादव दिखाई दिया। पुलिस अब इस नंबर की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पहले चिराग पासवान को भी मिली थी धमकी
इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए दी गई थी, जिसमें आरोपी ने चिराग पर बम से हमला करने की बात कही थी।
यह धमकी "टाइगर मेराज इद्रीसी" नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से दी गई थी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने पटना के साइबर क्राइम थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
लगातार धमकियों के घेरे में बिहार के नेता
- बिहार के कई अन्य नेताओं को भी हाल के महीनों में जान से मारने की धमकियां मिली हैं
- पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को धमकी मिली थी।
- उपेन्द्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से 7 धमकी भरे कॉल आए थे, जिसमें 10 दिन में जान से मारने की चेतावनी दी गई थी।
- वैशाली सांसद वीणा देवी को भी अज्ञात नंबर से कॉल कर गाली-गलौज करते हुए "मार देंगे" कहा गया था।
- अररिया से बीजेपी सांसद प्रदीप सिंह को नेपाल के नंबर से धमकी मिली थी, जिसमें जेल में बंद भाई को छुड़ाने की मांग के साथ गोली और बम से हमले की चेतावनी दी गई थी।
लगातार मिल रही धमकियों ने बिहार की राजनीति में सनसनी फैला दी है। प्रशासन अलर्ट पर है लेकिन इन मामलों की जड़ तक पहुंचना और साजिश का पर्दाफाश करना अब कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications