‘अपराध खत्म, क्राइम हो सकता है’, Bihar CM सम्राट के बयान पर तेजस्वी बोले- क्या राज्य बर्बाद करने की सुपारी ली?
Bihar CM Samrat Choudhary Video Viral: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बयान पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में 'क्राइम' हो सकता है, लेकिन 'अपराध' नहीं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन पर निशाना साधा।
तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरते हुए मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सम्राट चौधरी का वीडियो साझा करते हुए सवाल किया कि जब मुख्यमंत्री खुद इस तरह का बयान दे रहे हैं, तो उनके साथ मंच पर मौजूद IAS और IPS अधिकारी क्या महसूस कर रहे होंगे? उन्होंने अपने पोस्ट में सम्राट चौधरी पर हत्या के 7 मामलों में आरोपी होने का दावा भी किया।

आपको बता दें कि, सम्राट ने यह टिप्पणी दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान की। कार्यक्रम में बिहार में पानी के प्रबंधन, खेती, उद्योग और आर्थिक विकास की जरूरतों पर भी चर्चा हुई।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा, जिस पर मचा विवाद?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में बिहार की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि राज्य में अपराध की अवधारणा खत्म हो चुकी है। वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है कि हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं है।
इस बयान की आलोचना इसलिए हो रही है, क्योंकि हिंदी में 'अपराध' और अंग्रेजी में 'क्राइम' का अर्थ एक ही है। ऐसे में मुख्यमंत्री के बयान को विपक्ष ने विरोधाभासी बताते हुए निशाना बनाया है।
तेजस्वी यादव ने PM मोदी को क्यों घेरा?
सम्राट चौधरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने X पर लिखा कि बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, 'अपराध' नहीं! मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात मोदी जी द्वारा चुने गए एक ऐसे मुख्यमंत्री कह रहे हैं, जो खुद हत्या के सात मामलों में आरोपी हैं। तेजस्वी ने आगे मंच पर मौजूद IAS और IPS अधिकारियों को लेकर सवाल उठाया कि वे मुख्यमंत्री के साथ काम करके खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए यह भी पूछा कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की जिम्मेदारी दे रखी है। इस तरह तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर राज्य सरकार पर हमला करने के साथ ही प्रधानमंत्री को भी राजनीतिक विवाद में घसीटा।
'रात 12 बजे कोई छू भर दे, सुबह इस्तीफा दे दूंगा'
सम्राट चौधरी का विवादित बयानों से नाता पुराना रहा है। साल 2025 में भी उनका एक बयान काफी चर्चा में आया था। उस वक्त वे बिहार के उपमुख्यमंत्री थे। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सुरक्षा और बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर दावा करते हुए कहा था कि अगर किसी का कोई दुश्मन नहीं है, तो वह रात 12 बजे खाना खाने के बाद बाहर घूमकर देख ले। अगर किसी ने उन्हें छू भी दिया, तो सम्राट चौधरी सुबह इस्तीफा दे देंगे। सम्राट चौधरी का यह विवादित बयान तब सबसे ज्यादा वायरल हुआ, जब 19 सितंबर को जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की खबर सामने आई थी।


Click it and Unblock the Notifications
