Darbhanga Aiims: दरभंगा एम्स विवाद पर सीएम नीतीश की पहली प्रतिक्रिया, कहा- हमारी इच्छा है अब अगला...
बिहार में एक बार फिर से सियासत तेज होती दिख रही है। इस बार विवाद चुनाव को लेकर नहीं है बल्कि एम्स बनाने की क्रेडिट को लेकर है। पटना और दरभंगा में एम्स बनाने को लेकर भाजपा और महागठबंधन में क्रेडिट लेने की होड़ लग गई है। इस मामले पर ताजा बयान अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आया है। उन्होंने जिस तरह से बयान दिया उससे साफ लग रहा था कि पटना और दरभंगा के एम्स बनाने की क्रेडिट खुद लेना चाह रहे हैं।
क्या कहा सीएम नीतीश ने?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम हर जगह मेडिकल कॉलेज बनवा रहे हैं। एम्स पटना में आया और अब अगला एम्स दरभंगा में हो। यह हमारी इच्छा है, दूसरे की थोड़ी है। हम सब जगह मेडिकल कॉलेज बनवा रहे हैं। पहले छह मेडिकल कॉलेज थे और अब गिनती हो गई है बढ़कर 11 हो गया है। हम इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। कहीं कहीं कोई कुछ कुछ बोलते रहता है इसका कोई मतलब है।

एम्स दरभंगा पर सीएम नीतीश ने स्पष्ट किया अपना पक्ष
इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट करते हुए कह दिया कि एम्स दरभंगा के लिए सरकार ने जो जमीन का चुनाव किया है वही सबसे उपयुक्त है। ऐसे में एम्स का निर्माण वहीं पर करना होगा। अगर वहां केंद्र इसका निर्माण नहीं करती है तो फिर उनकी इच्छा जो करना है सो करें।
क्यों बढ़ा दरभंगा एम्स का विवाद
बता दें कि दरभंगा के शोभन बायपास के पास 151 एकड़ जमीन एम्स के निर्माण के लिए दी गई है। पहले एम्स की स्थापना दरभंगा मेडिकल कॉलेज के कैंपस वाली जमीन पर ही होना था लेकिन नीतीश सरकार ने इसको लेकर फैसला बदल दिया और जमीन शोभन बायपास के पास अलॉट कर दी गई। जिसके बाद से ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच विवाद बढ़ गया।












Click it and Unblock the Notifications